Dhanbad: दिशा बैठक में बड़ा फैसला, दुर्गापूजा से पहले 7-10 दिन में मोटरेबल होंगी सड़कें

धनबाद दिशा बैठक में 100 से अधिक योजनाओं की समीक्षा हुई। दुर्गापूजा से पहले 7-10 दिनों में प्रमुख सड़कें मोटरेबल होंगी। जल जीवन मिशन में लापरवाही पर कार्रवाई होगी।

Dhanbad: दिशा बैठक में बड़ा फैसला, दुर्गापूजा से पहले 7-10 दिन में मोटरेबल होंगी सड़कें
धनबाद में दुर्गापूजा से पहले सड़कें होंगी चकाचक, 100+ योजनाओं पर मंथन।

Advertisement

      HighLights:

  • दुर्गापूजा से पहले धनबाद की प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कें होंगी मोटरेबल
  • जल जीवन मिशन की 5-6 बड़ी परियोजनाएं मिलीं लंबित
  • लापरवाह संवेदकों के अनुबंध रद्द करने की अनुशंसा
  • सांसदों और विधायकों ने उठाए पेयजल, सड़क, बिजली और अतिक्रमण के मुद्दे

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद ढुलू महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में संचालित 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही आम लोगों से जुड़े सड़क, पेयजल, बिजली, यातायात, जलजमाव और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए शहर की प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों को अगले 7 से 10 दिनों में पूरी तरह मोटरेबल बनाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर कार्रवाई

बैठक के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान 5 से 6 बड़ी परियोजनाएं संवेदकों की लापरवाही के कारण लंबित मिलीं। कार्य में शिथिलता बरतने वाले संवेदकों के अनुबंध रद्द करने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी गई है। सरकार स्तर से कार्रवाई पूरी होने के बाद इन योजनाओं को नए संवेदकों को आवंटित कर पेयजलापूर्ति का काम युद्धस्तर पर पूरा कराने की तैयारी है।

दुर्गापूजा से पहले शहर की सड़कों को मिलेगा सुधार

आगामी दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन ने सड़कों की स्थिति सुधारने पर विशेष जोर दिया है। उपायुक्त ने कहा कि बलियापुर रोड, मनईटांड़ समेत शहर की सभी प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों को अगले 7 से 10 दिनों के भीतर मोटरेबल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा गोविंदपुर समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जलजमाव और झूलते बिजली तारों पर विशेष अभियान

बैठक में सड़कों पर जलजमाव की समस्या और झूलते बिजली तारों को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन के अनुसार, इन समस्याओं के समाधान के लिए अगले एक सप्ताह में विशेष अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाएगी। दुर्गापूजा के दौरान लोगों की सुविधा को देखते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की जा रही है। सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एसीबी जांच के कारण अटकी सड़कों को लेकर पहल

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र की कई सड़कें एसीबी जांच के कारण मरम्मत नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की मरम्मत का रास्ता साफ करने के लिए एसीबी से बातचीत कर अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा। गोविंदपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 32 स्वयंसेवकों की सहायता लेने का निर्णय लिया गया है। इनकी मदद से प्रमुख मार्गों को जाममुक्त रखने का प्रयास किया जाएगा।

बिरसा मुंडा पार्क के पास शराब दुकान पर भी चर्चा

बैठक में बिरसा मुंडा पार्क के पास स्थित शराब दुकान के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठा। एसएसपी ने कहा कि वहां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सांसद और विधायकों ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे

दिशा की बैठक में सांसदों और विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। धनबाद सांसद ढुलू महतो ने जिले की सभी प्रमुख सड़कों को दुरुस्त कराने का अनुरोध किया। गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने गोविंदपुर बालाजी पेट्रोल पंप से बलियापुर तक तथा बलियापुर-हिरक रोड को दुरुस्त कराने की मांग रखी।

धनबाद विधायक राज सिन्हा ने जामाडोबा पेयजल पाइपलाइन को माडा की पाइपलाइन से इंटरकनेक्ट करने का सुझाव दिया। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने टहल कंपनी के पाइपों को सुरक्षित स्थान पर रखने का प्रस्ताव दिया।

बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने जलापूर्ति योजना को चालू करने के लिए समय सीमा निर्धारित करने की मांग की। झरिया विधायक रागिनी सिंह के प्रतिनिधि ने कतरास मोड़ से सिंदरी तक सड़क के बीच डिवाइडर बनाने का सुझाव दिया।

टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने टुंडी क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी ने भी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को बैठक में रखा।

100 से अधिक सरकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

दिशा की बैठक में ग्रामीण विकास से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, कृषि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी 100 से अधिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें प्रमुख रूप से:

मनरेगा
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
डीडीयू-जीकेवाई
श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन
सांसद आदर्श ग्राम योजना
पीएम-किसान
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना
मृदा स्वास्थ्य कार्ड
जल जीवन मिशन
नमामि गंगे
अटल भूजल योजना
जल शक्ति अभियान
अमृत 2.0
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)
स्वच्छ भारत मिशन
पीएम स्वनिधि
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं
डिजिटल इंडिया और भारतनेट
आयुष्मान भारत
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन
मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन
समग्र शिक्षा
पीएम पोषण
पीएम उज्ज्वला 2.0
पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम
सामाजिक सुरक्षा पेंशन
जन-धन योजना
अटल पेंशन योजना
सुकन्या समृद्धि योजना

की विस्तृत समीक्षा की गई।

जलापूर्ति और सड़क की समस्याएं बनीं प्रमुख मुद्दा

धनबाद विधायक राज सिन्हा ने माडा जलापूर्ति योजना फेज-2, धनबाद शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 और एसीबी जांच के कारण लंबित नगर निगम की 35 सड़कों का मुद्दा उठाया। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने बाघमारा ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेज-1 और फेज-2 की धीमी प्रगति पर सवाल उठाया। झरिया विधायक के प्रतिनिधि ने झरिया अंचल कार्यालय के जर्जर भवन का मामला उठाते हुए इसकी मरम्मत अथवा नए भवन के निर्माण का सुझाव दिया।

टुंडी एलिफेंट कॉरिडोर से लेकर आठ लेन सड़क तक चर्चा

बैठक में टुंडी क्षेत्र में एलिफेंट कॉरिडोर, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों के राशनलाइजेशन, बीबीएमकेयू की जमीन को अतिक्रमण से बचाने के लिए सर्वे, आठ लेन सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने और नावाडीह में जलजमाव की समस्या का समाधान समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों को संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ये रहे प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

बैठक में धनबाद सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, महापौर संजीव सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, झरिया विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और प्रखंड प्रमुख मौजूद रहे।