बिहार में भीषण सड़क हादसा: पीरो-बिहटा हाईवे पर कार-ट्रक की टक्कर, दो दोस्तों की मौत

बिहार के भोजपुर जिले में पीरो-बिहटा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां कार और ट्रक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पटना रेफर किया गया है।

बिहार में भीषण सड़क हादसा: पीरो-बिहटा हाईवे पर कार-ट्रक की टक्कर, दो दोस्तों की मौत
मृतक युवकों की फाइल फोटो।
  • पांच युवक गंभीर रूप से घायल

आरा (Threesocieties.com Desk): बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पीरो-बिहटा हाईवे पर तिवारीडीह ओवरब्रिज के पास कार और ट्रक के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश: चार जिलों के एसपी समेत सात IPS अफसरों का ट्रांसफर, अंकिता शर्मा बनीं बदायूं की नई SSP

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पीरो अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए पांचों घायलों को पटना भेज दिया गया।

हादसे में दो युवकों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में जिन दो युवकों की जान गई, उनकी पहचान : मनीष भट्ट (27 वर्ष) – निवासी गौड़ाढ़ गांव, शाहपुर थाना क्षेत्र व  लव कुमार (22 वर्ष) – निवासी बकसांडा गांव, तरारी थाना क्षेत्र के रुप में हुई है। बताया जाता है कि मनीष भट्ट के पिता सुशील भट्ट रेलवे से टेक्नीशियन पद से सेवानिवृत्त हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।

पांच युवक गंभीर रूप से घायल

हादसे में  राजू कुमार (22 वर्ष), सोनू शर्मा (22 वर्ष), आशीष कुमार (22 वर्ष), नीरज कुमार (21 वर्ष) व हरी ओम शर्मा (23 वर्ष) घायल हो गये हैं। सभी घायल युवक एक ही इलाके के रहने वाले और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।

राहगीर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

घायल हरी ओम के अनुसार, वे सभी तिवारीडीह गांव में चल रहे एक यज्ञ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय रात के अंधेरे में अचानक एक व्यक्ति सड़क के बीच में आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। उस समय कार मनीष भट्ट चला रहा था।

बहन को बस स्टैंड छोड़ने गया था मनीष

मृतक मनीष भट्ट के पिता सुशील भट्ट ने बताया कि मनीष अपनी शादीशुदा बहन अंजनी कुमारी को बस पर बैठाने के लिए पीरो बस स्टैंड गया था। बहन को बस में बैठाने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ कार से निकल गया। इसी बीच देर रात अन्य लोगों से उन्हें हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव में पसरा मातम

दो युवकों की अचानक मौत से दोनों परिवारों और गांव में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मनीष भट्ट अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन के बीच तीसरे नंबर पर था, जबकि लव कुमार अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।