मध्यप्रदेश : ट्विशा डेथ मिस्ट्री में नया ट्विस्ट! लिगेचर रिपोर्ट ने बताया सुसाइड, परिवार बोला- ‘यह हत्या है’

भोपाल की नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। लिगेचर रिपोर्ट में मौत को आत्महत्या बताया गया है, जबकि परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है। पति समर्थ सिंह फरार है और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। परिवार ने दूसरे पोस्टमार्टम की मांग की है।

मध्यप्रदेश : ट्विशा डेथ मिस्ट्री में नया ट्विस्ट! लिगेचर रिपोर्ट ने बताया सुसाइड, परिवार बोला- ‘यह हत्या है’
समर्थ सिंह व ट्विशा शर्मा (फाइल फोटो)।

भोपाल (Threesocieties.com Desk): भोपाल की हाईप्रोफाइल नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला हर गुजरते दिन के साथ और भी पेचीदा होता जा रहा है। एक तरफ पुलिस की शुरुआती जांच और लिगेचर रिपोर्ट इसे आत्महत्या बता रही है, वहीं दूसरी तरफ ट्विशा का परिवार इसे सुनियोजित हत्या करार देकर निष्पक्ष जांच और दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें: धनबाद में खराब रिजल्ट पर डीसी सख्त! 12 स्कूलों के प्रिंसिपलों को लगाई फटकार, शिक्षकों पर कार्रवाई की चेतावनी

इस केस ने अब सिर्फ एक पारिवारिक विवाद का रूप नहीं रखा, बल्कि यह कानूनी, सामाजिक और फोरेंसिक जांच का हाईप्रोफाइल मामला बन गया है। मामले में पूर्व जज सास, फरार पति, दहेज प्रताड़ना के आरोप और डिजिटल सबूतों की जांच ने पूरे घटनाक्रम को सनसनीखेज बना दिया है।

यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों का खुलासा, WhatsApp चैट और CCTV ने बढ़ाया हत्या का शक

लिगेचर रिपोर्ट में क्या आया सामने?

मंगलवार को सामने आई लिगेचर रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्विशा शर्मा की मौत बेल्ट के जरिए फांसी लगाने से हुई। फोरेंसिक जांच में कहा गया कि जिस बेल्ट का इस्तेमाल फंदे के रूप में हुआ, उसी से दम घुटने के कारण मौत हुई। हालांकि इस रिपोर्ट पर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। परिवार का आरोप है कि पोस्टमार्टम के समय वह बेल्ट शव के साथ मौजूद नहीं थी। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद उस बेल्ट को फोरेंसिक लैब भेजा था। यही वजह है कि अब पुलिस की कार्रवाई और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।

शरीर पर चोट के निशानों से बढ़ा शक

ट्विशा के परिवार ने दावा किया है कि उनके शरीर पर कई चोटों के निशान मौजूद थे और ये निशान मौत से पहले के थे। परिवार का कहना है कि यह सामान्य आत्महत्या का मामला नहीं हो सकता। परिजनों ने स्थानीय अदालत में दूसरे पोस्टमार्टम की मांग करते हुए अर्जी दाखिल की है। परिवार का कहना है कि जब तक दोबारा पोस्टमार्टम नहीं हो जाता, वे शव नहीं लेंगे। परिवार के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए नए पोस्टमार्टम की जरूरत है।

पति समर्थ सिंह फरार, लुकआउट नोटिस जारी

मामले में मुख्य आरोपित ट्विशा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि वह विदेश भाग सकता है। समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए छह पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की है। बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने उसे राहत देने से इनकार कर दिया।

सास और रिटायर्ड जज ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह, जो रिटायर्ड अतिरिक्त जिला जज हैं, ने परिवार की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ट्विशा का मानसिक इलाज चल रहा था और परिवार पर लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोप निराधार हैं। गिरिबाला सिंह ने कहा कि “हम दो लाख रुपये का दहेज क्यों मांगेंगे, जब हमने खुद उन्हें साढ़े सात लाख रुपये दिए थे?” हालांकि ट्विशा के परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष Fortuner कार और 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

SIT कर रही डिजिटल सबूतों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SIT का गठन किया है। टीम CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि ट्विशा की मौत के बाद उनके चरित्र पर सवाल उठाने की कोशिश की गई, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।

क्या दूसरे पोस्टमार्टम से सुलझेगी गुत्थी?

अब सबकी नजर अदालत और दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पर टिकी हुई है। अगर अदालत इसकी अनुमति देती है, तो संभव है कि मौत की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है। पुलिस, फोरेंसिक रिपोर्ट और परिवार के दावों के बीच सच क्या है, इसका जवाब आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट ही दे पाएगी।