मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े मर्डर: पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड के आरोपी गोविंदा को गोलियों से भूना
मुजफ्फरपुर में पूर्व मेयर समीर कुमार और आशुतोष शाही हत्याकांड के आरोपी गोविंद शर्मा उर्फ गोविंदा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद शहर में अलर्ट जारी, पुलिस गैंगवार और आपसी रंजिश के एंगल से जांच में जुटी।
मुजफ्फरपुर (Threesocieties.com Desk): बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शहर के चर्चित अपराधियों में शामिल गोविंद शर्मा उर्फ गोविंदा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोविंदा वही शख्स था, जिसका नाम पूर्व मेयर समीर कुमार और जमीन कारोबारी आशुतोष शाही हत्याकांड में मुख्य आरोपियों में शामिल रहा था। इस वारदात ने पूरे शहर में दहशत और पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें: 'भ्रम फैलाने वालों को जवाब': बंगाल के राज्यपाल का TMC पर निशाना, बोले- चुनाव में धांधली के दावे बेबुनियाद
छोटी कल्याणी इलाके में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, घटना शहर के अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी इलाके की है। बताया जा रहा है कि गोविंद शर्मा एक बहुमंजिला इमारत के भीतर सीढ़ियां चढ़ रहा था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई और दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। गोली लगने से गोविंदा की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
आइकॉन टावर में हुई वारदात, CCTV खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोविंद अमरनाथ पांडेय के आइकॉन टावर पहुंचा था। इसी दौरान दो हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। घटना के बाद नगर थाना पुलिस, डीएसपी और कई थानों की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को मौके से छह खोखे और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर किस दिशा में भागे।
गैंगवार और वर्चस्व की लड़ाई का एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे गैंगवार, आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गोविंद के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और हालिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गोविंद शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
AK-47 हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया था गोविंदा
गोविंद शर्मा का नाम सबसे पहले उस समय चर्चा में आया था, जब पूर्व मेयर समीर कुमार की AK-47 से हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया। इसके बाद वह जमीन कारोबारी आशुतोष शाही हत्याकांड में भी आरोपी बना। दो चर्चित मामलों से जुड़े होने के कारण गोविंद अपराध जगत और पुलिस रिकॉर्ड दोनों में चर्चित चेहरा बन चुका था।
शहर में अलर्ट, बढ़ाई गई सुरक्षा
हत्या के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गोविंद की पत्नी भी मौके पर पहुंची। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक घटनास्थल पर जमा हो गए, जिसके बाद इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।






