रामगढ़ के गिद्दी में आधी रात पुलिस से भिड़े अपराधी, 2 को लगी गोली; तीसरा जंगल में फरार
रामगढ़ के गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने दो देशी पिस्टल, गोलियां, खोखे, मोबाइल, राहुल दुबे के नाम के पर्चे और बाइक बरामद की है।
HighLights:
- गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच तड़के मुठभेड़, दो अपराधी गोली लगने से घायल
- पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागे तीन युवक, जंगल में पहुंचकर की फायरिंग
- जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैर में लगी गोली, तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
- मौके से दो देशी पिस्टल, गोलियां, खोखे, दो मोबाइल और राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे बरामद
रामगढ़ (Threesocieties.com Desk): गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरा अपराधी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। दोनों घायल अपराधियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल और घायल अपराधियों के पास से हथियार, गोलियां, खोखे, मोबाइल फोन, पर्चे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन को शनिवार की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ गुर्गे मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
गिद्दी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव और सशस्त्र बल के जवानों की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने गिद्दी-भुरकुंडा मार्ग पर बंद गिद्दी वाशरी के पुराने 40 टन कांटा घर रोड के आसपास वाहन जांच शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागने लगे
वाहन जांच के दौरान करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों युवक सड़क किनारे जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने छह राउंड और उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने पांच राउंड फायरिंग की।
दो अपराधियों के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार, निवासी हनुमानगढ़ी, पतरातू, रामगढ़ और मोहित कुमार उर्फ पीटर, निवासी रसदा, बासल थाना क्षेत्र, रामगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि बादल कुमार के दाहिने पैर में, जबकि मोहित कुमार उर्फ पीटर के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को तत्काल पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया। वहीं, तीसरा अपराधी पुलिस की कार्रवाई के बीच जंगल में भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है।
दो पिस्टल और राहुल दुबे के नाम के पर्चे बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अपराधियों के पास से दो देशी पिस्टल बरामद किए। बादल कुमार के पास से एक मोबाइल फोन, राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे, एक देशी पिस्टल, दो खोखे, चैंबर में मिसफायर हुई एक गोली और एक जिंदा गोली मिली। वहीं, मोहित कुमार उर्फ पीटर के पास से एक मोबाइल फोन, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और दो खोखे बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने मौके से बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, पर्चों, हथियारों और अन्य सामान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों का उद्देश्य क्या था और वे किस वारदात को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे।
फरार अपराधी की तलाश में छापामारी जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। फरार अपराधी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में भी छापामारी कर रही है।
कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, गिद्दी थाना के एएसआई सुनील महतो, चंदन उरांव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।पुलिस ने बरामद सभी हथियार, गोलियां, खोखे, पर्चे, मोबाइल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Anjala Kumar 



