पटना के डॉक्टर से ₹2.03 करोड़ की वसूली! रेप केस में फंसाने की धमकी, कोचिंग संचालिका समेत 3 पर FIR

Patna Crime News: पटना में डॉक्टर से 2.03 करोड़ रुपये की कथित वसूली का मामला सामने आया है। रेप केस में फंसाने की धमकी का आरोप, कोचिंग संचालिका समेत 3 पर FIR, पुलिस जांच में जुटी।

पटना के डॉक्टर से ₹2.03 करोड़ की वसूली! रेप केस में फंसाने की धमकी, कोचिंग संचालिका समेत 3 पर FIR
AI से बनायी गयी सांकेतिक फोटो ।

Advertisement

         HighLights:

  • पटना में डॉक्टर से 2.03 करोड़ रुपये की कथित वसूली का मामला
  • झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
  • मुजफ्फरपुर की कोचिंग संचालिका, उसके पति समेत 3 पर FIR
  • मां के इलाज से शुरू हुई पैसों की मांग, बाद में कोचिंग खोलने के लिए मांगे 10 लाख

पटना (Threesocieties.com Desk):  पटना में एक डॉक्टर को कथित तौर पर झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर 2.03 करोड़ रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डॉक्टर की पत्नी की शिकायत पर राजीव नगर थाने में मुजफ्फरपुर की एक कोचिंग संचालिका, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: JPSC पर CM हेमंत का बड़ा दांव, 14वीं PT समेत 2 बैकलॉग परीक्षाएं रद्द; CGL समेत कई एग्जाम की जांच

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2024 में मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा इलाके में कोचिंग संस्थान चलाने वाली महिला और उसके पति की डॉक्टर से दोस्ती हुई। इसके बाद महिला और डॉक्टर के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। शुरुआत में महिला ने अपनी मां के इलाज के नाम पर डॉक्टर से 20 हजार रुपये की मदद मांगी। डॉक्टर ने मदद की, लेकिन आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी।

पहले मदद के नाम पर पैसे, फिर 10 लाख रुपये की मांग

शिकायत के मुताबिक, महिला की ओर से धीरे-धीरे बड़ी रकम की मांग की जाने लगी। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर में नया कोचिंग संस्थान खोलने के लिए कथित तौर पर 10 लाख रुपये मांगे गए। रकम वापस करने का भरोसा दिए जाने के बाद डॉक्टर ने यह राशि भी दे दी। आरोप है कि इसके बाद पैसों की मांग लगातार बढ़ती गई। डॉक्टर ने जब आगे पैसे देने से इनकार करना शुरू किया तो कथित तौर पर उन्हें धमकियां मिलने लगीं।

पुरानी सेल्फी दिखाकर रेप केस में फंसाने की धमकी

डॉक्टर की पत्नी की शिकायत के अनुसार, नवंबर 2025 में कोचिंग संचालिका और उसके पति ने डॉक्टर को मुजफ्फरपुर स्थित अपने कार्यालय के पास बुलाया। आरोप है कि वहां महिला ने डॉक्टर की एक पुरानी सेल्फी दिखाते हुए उन्हें दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसे नहीं देने पर डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी गई। कथित धमकियों और ब्लैकमेलिंग के दबाव में डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से आरोपितों को कुल 2.03 करोड़ रुपये दे दिए।

स्टांप पेपर पर लिखवाया- रकम वापस नहीं मांगेंगे

मामला यहीं नहीं रुका। डॉक्टर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि करोड़ों रुपये लेने के बाद भी आरोपितों की ओर से दबाव बनाया जाता रहा। डॉक्टर से कथित तौर पर स्टांप पेपर पर यह लिखवाया गया कि अब तक दी गई रकम वापस नहीं मांगी जाएगी।शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर ने मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में स्टांप पेपर पर कथित घोषणा भी की। इसके बावजूद पैसों की मांग बंद नहीं हुई।आरोप है कि कभी आत्महत्या करने तो कभी दुष्कर्म का केस दर्ज कराने का डर दिखाकर डॉक्टर से लगातार रकम की मांग की जाती रही।

पत्नी ने लगाया संगठित गिरोह चलाने का आरोप

डॉक्टर की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कोचिंग संचालिका, उसका पति और उनके साथ शामिल अन्य लोग एक संगठित ब्लैकमेलिंग गिरोह के रूप में काम करते हैं। आरोप है कि यह गिरोह लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूलता है। इसी आरोप के आधार पर डॉक्टर की पत्नी ने राजीव नगर थाने में कोचिंग संचालिका, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बैंक ट्रांजैक्शन और WhatsApp चैट की होगी जांच

राजीव नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान बैंक खातों में हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन, व्हाट्सएप चैट, स्टांप पेपर और अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डॉक्टर से रकम किन-किन खातों में भेजी गई और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।फिलहाल इस मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता पक्ष के हैं। पुलिस की जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।