धनबाद: DMC ने होल्डिंग टैक्स बकाया रखने वाले डीएवी ग्रुप के तीन स्कूलों का बैंक अकाउंट सीज किया
धनबाद म्यूनिशिपल कॉरपोरेशन (डीएमसी) ने बड़े होल्डिंग बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरु कर दी है. डीएमसी की सख्ती से बड़े बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है. डीएमसी ने बार-बार नोटिस के बावजूद होल्डिंग टैक्स जमा नहीं करने वाले डीएवी कोयला नगर, डीएवी अलकुसा और डीएवी कुसुंडा का बैंक अकाउंट सीज करवा दिया है. डीएमसी ने एचडीएफसी बैंक को पत्र लिखकर तीनों स्कूल का अकाउंट सीज करने का निर्देश दिया है. डीएमसी का इन तीनों स्कूल पर 63 लाख रुपये होल्डिंग टैक्स का बकाया है. डीएमसी ने इससे पहले डीपीएस, अशर्फी हॉस्पीटल, मातृ सदन और बालिका विद्या मंदिर का बैंक अकाउंट सीज किया है. डीपीएस पर 34 लाख रुपये होल्डिंग टैक्स बकाया है. डीएसी ने डीएवी कोयला नगर, अलकुसा व कुसुंडा को नोटिस भेजकर होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए कहा था. होल्डिंग टैक्स जमा नहीं करने पर बैंक अकाउंट सीज करने की भी चेतावनी दी गई थी. स्कूल द्वारा बीसीसीएल की जमीन पर स्कूल चलने का हवाला देते हुए होल्डिंग टैक्स देने में असमर्थता जाहिर की गई थी. डीएमसी के नोटिस के बावजूद तीनों स्कूल ने टैक्स जमा नहीं किया. अंतत: डीएमसी को तीनों स्कूल का बैंक अकाउंट सीज करने की कार्रवाई करनी पड़ी. रेंट बकाया वाले हीरापुर हटिया की दुकान सील डीएमसी ने दुकान का रेंट बकाया रखने पर हीरापुर हटिया में दुकान संख्या चार व शेड संख्या 12 को सील कर दिया है. यह दुकान उमेश कुमार सिंह के नाम से आवंटित हैं. दुकान का भाड़ा 132 महीना से नहीं दिया जा रहा है. रेंट के मद में दुकान पर 29,184 रुपये बकाया है. डीएमसी की ओर से बकाया भाड़ा भुगतान नहीं करने पर दुकान का आवंटन रद करने की चेतावनी दी गई थी. इसके बावजूद बकाया भाड़ा का भुगतान नहीं किया गया. अंतत: डीएमसी को पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान खाली कराकर सील करनी पड़ी. अब दुकान का आवंटन भी रद किया जायेगा.




