धनबाद।बरवाअड्डा पुलिस ने झारखंड के रास्ते बिहार भेजे जा रहे भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ चार लोगों को पकड़ी है। एसडीओ राज महेश्वरम ने निरसा तथा गोविंदपुर की मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया।कड़ी सुरक्षा के बीच बीसीसीएल की एना कोलियरी में डीओ होल्डरों की कोयला लोडिंग शुरू हुई। भारत की जनगणना 2021 के अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों, कर्मियों,पंचायत सेवकों, जनसेवकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण का गुरुवार को समापन हुआ। कांग्रेस लीडर रणविजय सिंह गुरुवारको रांची में सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर क्षेत्र के समस्याओं से अवगत कराया। एसीसी सिंदरी के विस्तारीकरण परियोजना में कार्यरत चीनी इंजीनियरों और स्टाफ में कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं पाये गये। झरिया में दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के मौके पर गुरुवार को गाजे-बाजे व झांकी के साथ निकली भव्य निसान शोभा यात्रा निकली। बरवाअड्डा में भारी मात्रा में विदेशी शराब जप्त, चार अरेस्ट

बरवाअड्डा पुलिस की स्पेशल टीम झारखंड के रास्ते बिहार भेजे जा रहे भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त की है। पुलिस ने अवैध शराब व कार साथ चार लोगों को पकड़ा है। एसएसपी को को गुप्त सूचना मिली थी कि जीटी रोड के रास्ते अवैध शराब बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया। बरवाअड्डा पुलिस स्टेशन की पुलिस ने एक लग्जरी कार से अवैध शराब के साथ चार लोगों को पकड़ी। पुलिस एफआइआर दर्ज कर चारों को जेल भेज दी है।डीएसपी सरिता मुर्मू ने बताया कि कार में नकली शराब लोड कर धनबाद के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। बरवाअड्डा पुलिस के द्वारा वाहन चेकिंग में कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार के पीछे वाले सीट के निचे पुलिस को भारी मात्रा में अवैध शराब मिला। कार में सवार चार लोगों को भी पुलिस दबोच ली।
एसडीओ निरसा व गोविंदपुर में तीन मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया

एसडीओ राज महेश्वरम ने निरसा तथा गोविंदपुर की मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि फूड सेफ्टी अफसर अदिति सिंह के साथ मिलकर आज निरसा के सेन स्वीट्स तथा बांकुड़ा घोष मिष्टान भंडार एवं गोविंदपुर एनएच 2 पर खालसा होटल के सामने स्थित गोकुल स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के क्रम में तीनों दुकानों में भारी गंदगी देखने को मिली। तीनों दुकानों पर फूड सेफ्टी एक्ट की धारा 69 के अंतर्गत 5 - 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।साथ ही तीनों दुकान से विभिन्न मिठाइयो का सैंपल लिया गया।एसडीएम ने बताया कि ज़ब्त किये गये मिठाई के नमूने को रांची नामकुम स्थित प्रयोगशाला में भेजकर इसकी जांच की जायेगी। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर दुकानदारों के विरूद्ध फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कार्रवाई की जायेगी।उन्होंने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एना कोलियरी में कड़ी सुरक्षा में ट्रक लोडिंग, रंगदारों के गुर्गे दुबके

कड़ी सुरक्षा के बीच बीसीसीएल की एना कोलियरी में डीओ होल्डरों की कोयला लोडिंग शुरू हुई। लोडिंग कराने के लिए सिंह नगर,गोपाली चक,शिमलबहाल, भूली दो नंबर क्वार्टर के अलावा ऐना परियोजना व भालगोरा कांटा घर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनाती थी।सिंदरी डीएसपी अजीत कुमार सिन्हा, झरिया इंस्पेक्टर पीके सिंह, बोरागढ ओपी प्रभारी सुशील कुमार सिंह सहित पुलिस बल और सीआईएसएफ ने इलाकों का फ्लैग मार्च किया। इसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से ट्रक लोडिंग का कार्य शुरू कराया गया। आज 14 ट्रक लोड होना पर पर रंगदारी को लेकर दो गुटों में संघर्ष की आशंका को देखते हुए मात्र चार ट्रक ही लोडिंग को पहुंचे। संभावना है कि शुक्रवार से स्थिति सामान्य हो जायेगी और सभी व्यवसायी अपना ट्रक लोड करने के लिए भेजेंगे। उल्लेखनीय है कि सिंह मैंशन व रघुकुल समर्थक रंगदारी पर अपना वर्चस्व जमाना चाहते हैं। डीओ होल्डरों से 650 रुपये पर टन रंगदारी मांगी जा रही है। डीओ होल्डर समझ नहीं पा रहे हैं कि किस गुट को रंगदारी दें। जिलाला प्रशासन की पहल पर शांतिपूर्ण लोडिंग का शुरू कराया। पुलिस ने परियोजना के अंदर से चार लोगों को हिरासत में लिया था। बाद में पूछताछ कर छोड़ दिया गया।
45000 टन कोयले का होना है उठाव
एना कोलियरी से एक माह में ऐना से 45हजार टन कोयला का उठाव होना है। 27 फरवरी से 4 मई तक का अलाटमेंट मे कोयला का अलाटमेंट नहीं हो सका था। मैनेजमेंट ने पांच मार्च से 11 मार्च तक 2300 टन का अलाटमेंट बनाया है। जिसमें कुल 92 ट्रक पर लोडिंग होनी है। गुरुवार को 14 ट्रक लगने थे। इनमें आकाश कोक इंडस्ट्रीज,बसंतीमात हार्डकोक,महाराजा और ग्लोबल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के ट्रकों ने पहुंच कर कोयला का उठाव किया।आज के अलाटमेंट ओएसडी कोक प्रा.लिमिटेड,काफिला इंडस्ट्री,श्री द्वारिका बी हाइव प्लांट,मैथन कोक प्राइवेट लिमिटेड,साउथ बिहार मैन्युफैक्चरिंग,मेर्सस बिहार हार्डकोक,मां भद्रकाली कॉक,मां कल्याणी उद्योग,मां भद्रकाली कोक इंडस्ट्री,मां कल्याणी उद्योग की ओर से कोयला का उठाव नहीं हो सका।अब इन्हें एक सप्ताह में कोयले का उठाव करना है।
भारत की जनगणना 2021:दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

जिला परिषद के सभागार में भारत की जनगणना 2021 के अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों, कर्मियों, पंचायत सेवकों, जनसेवकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण का गुरुवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण, नज़री नक्शा, चार्ज रजिस्टर आदि बनाने का कार्य के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया गया।मुख्य प्रशिक्षक अंचलाधिकारी गोविंदपुर -सह -मास्टर ट्रेनर वंदना भारती, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी परशुराम सिंह, प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण,राज कुमार वर्मा,बिनोद कुमार सिंह ने सभी प्रशिक्षण दिया।अपर जिला जनगणना पदाधिकारी -सह- ज़िला योजना पदाधिकारी महेश भगत ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक प्राप्त किया। पूर्वी टुंडी प्रखंड के दो प्रशिक्षकों द्वारा सटीक जवाब नहीं देने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया गया और अगले बैच में पुनः प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया।जनगणना निदेशालय से आये श्री केडीलाल ने आवश्यक बातों की जानकारी दी। इधर डीआरडीए हॉल में फील्ड ट्रेनर्स का चौथे दिन का प्रशिक्षण जारी रहा।अंतिम दिन उन्हें डेमो प्रशिक्षण के रूप में किसी पर्यवेक्षक सर्किल में जाकर नजरी नक्शा बनाने का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जायेगा।
कांग्रेस लीडर रणविजय सिंह सीएम हेमंत सोरेन से मिले

कांग्रेस लीडर रणविजय सिंह गुरुवारको रांची में सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर क्षेत्र के समस्याओं से अवगत कराया। रणविजय ने सीएम झारखंड के जनता विकास के लिए पेश की गयी बजट के लिए सीएम के प्रति आभार जताया। रणविजय सिंह ने सीएमको बाघमारा में कानूनी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए और डीओ के कोयला गरीब मजदूरों को उचित मजदूरी दिलाये जाने पर भी खुशी जतायी। रणविजय सिंह ने सीएम हेमंत सोरेन को बाघमारा आने का भी निमंत्रण दिया। सीएम ने आश्वस्त किया है कि वह बाघमारा आयेंगे।
झरिया में श्याम फाल्गुन महोत्सव भक्ति गीतों पर जमकर अबीर-गुलाल उड़े

झरिया में दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के मौके पर गुरुवार को गाजे-बाजे व झांकी के साथ निकली भव्य निसान शोभा यात्रा निकली। तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन निकाली गई भव्य शोभा यात्रा में शामिल हजारों भक्तों ने नगर का भ्रमण किया।अबीर-गुलाल में सराबोर भक्त प्रभु श्याम की जयकार लगा रहे थे। मेरे दिल में बस गयो श्याम जपो मैं माला री .. होलिया में उड़े रे गुलाल .. मन में हरियाली छाई, भक्ता तेरी ज्योत जगाई .. आजा कलयुग में लेके अवतार ओ गोविंद ..श्री राधे-राधे राधे बरसाने वाली राधे .. जैसे भक्ति गीतों पर थिरकते श्याम भक्तों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाये।श्री श्याम मित्र मिलन मंदिर के तत्वावधान में निसान पूजा के बाद मंदिर परिसर से शोभा यात्रा निकली। घंटों नगर में भक्ति की धारा बहती रही। 41 सौ निसान लिए भक्त शोभा यात्रा में शामिल थे।लाल बाजार,लक्ष्मनिया मोड़,सब्जी पट्टी,बाटा मोड़,मेन रोड,चार नंबर, धर्मशाला रोड होते हुए शोभा यात्रा बाबा श्याम के दरबार पहुंची।पूजन कैलाश पांडेय ने कराया। यहां बाबा को निसान अíपत किए गए। वाहन पर फूलों से बाबा का भव्य दरबार सजा था। सुनामी बैंड, अंग्रेजी बैंड बाजा,भांगड़ा भी यात्रा में शामिल थे। झरिया, धनबाद के अलावे अन्य जिलों व राज्यों से भी लोगों ने भाग लिया। झरिया पुलिस विधि-व्यवस्था को लेकर जगह-जगह तैनात थी। कई जगह शोभा यात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत कर शर्बत पिलाया गया।महिलाओं की संख्या अधिक थी। मौके पर श्री श्याम मित्र मिलन मंदिर के नरेश अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, रघुवीर गोयल, अशोक सर्राफ, सुशील अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, संदीप सांवरिया, दिनेश शर्मा, मोहन लोयलका, सुशील शर्मा, नवीन पोद्दार समेत मंदिर कमेटी के सभी सदस्य थे।
झांकी ने सबका मन मोहा
लगभग चार घंटे तक निसान शोभा यात्रा में शामिल भक्त नगर का धीरे-धीरे भ्रमण करते रहे। शोभा यात्रा के साथ चल रही भव्य झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना था। बाहर व स्थानीय कलाकारों ने कृष्ण-राधा के रूप में लोगों का मन मोह लिया। शिव-पार्वती, कृष्ण-राधा व मोर का रूप धरे कलाकार अपने नृत्य से सभी को झुमाया। शनिवार को तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव का धूमधाम से समापन होगा।
चीनी इंजीनियरों में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं
एसीसी सिंदरी के विस्तारीकरण परियोजना में कार्यरत चीनी इंजीनियरों और स्टाफ में कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं पाये गये थे। बावजूद अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए सिविल सर्जन धनबाद डॉ. गोपाल दास ने तीन इंजीनियरों का ब्लड सैंपल जांच के लिए कोलकाता भेजने की अनुशंसा की थी। एसीसी मैनेजमेंट ने सिविल सर्जन के आदेश होते ही तीन चीनी नागरिकों को कोलकाता भेजा। गुरुवार को इंफेक्शन डिजीज एंड बीडी अस्पताल के मेडिकल आफिसर ने चीन के नागरिकों की जांच की। उन्होंने कहा है कि तीनों लोगों में कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं पाये गये हैं। इसलिए इनके आगे की जांच की कोई आवश्यकता नहीं है। चिकित्सा अधिकारी ने यह भी कहा है कि इसके बावजूद कोई समस्या होती है तो स्थानीय स्तर पर चिकित्सक से परामर्श लिया जा सकता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सबने राहत की सांस ली है।