रांची में DSP की पत्नी का सनसनीखेज आरोप: दहेज में 25 लाख नहीं दिए तो 10 दिन कमरे में रखा कैद, मारपीट का केस दर्ज

रांची में DSP की पत्नी ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए 25 लाख रुपये मांगने, मारपीट, गला दबाने और कमरे में कैद रखने का गंभीर आरोप लगाया है। सदर थाना में DSP समेत कई लोगों पर FIR दर्ज हुई है।

रांची में DSP की पत्नी का सनसनीखेज आरोप: दहेज में 25 लाख नहीं दिए तो 10 दिन कमरे में रखा कैद, मारपीट का केस दर्ज
रांची सदर थाना में DSP समेत कई लोगों पर FIR दर्ज ।

Advertisement

      HighLights:

  • रांची में DSP की पत्नी ने पति और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
  • ननद की शादी के लिए 20 से 25 लाख रुपये मांगने मारपीट और गला दबाने की कोशिश का दावा
  • मोबाइल छीनकर कमरे में कैद करने का भी आरोप,रांची सदर थाना में दर्ज कराई FIR
  • DSP राम प्रवेश कुमार समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर केस, पीड़िता सदर अस्पताल में इलाजरत

रांची (Threesocieties.com Desk): राजधानी रांची में एक डीएसपी की पत्नी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की कोशिश और कमरे में बंधक बनाकर रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता मनीषा रॉय की शिकायत पर रांची के सदर थाना में बोकारो सीसीआर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राम प्रवेश कुमार पर समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही मायके से रुपये, वाहन और जेवर की मांग की जा रही थी। बाद में ननद की शादी के लिए 20 से 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया।

शादी के बाद से ही दहेज की मांग का आरोप

पीड़िता के अनुसार, उनकी शादी 11 मार्च 2026 को पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह से पहले भी ससुराल पक्ष की ओर से वाहन, जेवर और शादी के खर्च के लिए बड़ी रकम की मांग की गई थी। महिला का दावा है कि उसके पिता की ओर से करीब 12 लाख रुपये की स्कॉर्पियो, लगभग 22 से 25 लाख रुपये के जेवर और ससुर के खाते में करीब 10 लाख रुपये समेत शादी से जुड़े अन्य खर्च किए गए। इसके बावजूद शादी के बाद भी कथित तौर पर अतिरिक्त दहेज की मांग जारी रही। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पति और ससुराल के अन्य सदस्य लगातार मायके से और पैसे लाने का दबाव बनाते थे।

ननद की शादी के लिए 25 लाख रुपये मांगने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, विवाद तब और बढ़ गया जब ससुराल पक्ष की ओर से ननद की शादी के लिए 20 से 25 लाख रुपये की व्यवस्था करने का दबाव बनाया गया। पीड़िता का आरोप है कि उससे कहा गया कि वह मायके से रुपये लेकर आए। महिला के मुताबिक, रुपये लाने में असमर्थता जताने पर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई। परिवार को बर्बाद करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

21 अगस्त की रात मारपीट और गला दबाने का आरोप

पीड़िता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 21 अगस्त की रात बोकारो स्थित सरकारी आवास में पति ने उससे 20 से 25 लाख रुपये लाने की मांग की। विरोध करने पर कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि पति ने उसे बिस्तर पर पटक दिया और गला दबाने की कोशिश की। इसके बाद मुक्के और कोहनी से चेहरे, छाती और पीठ पर वार किए गए। पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल छीनकर कमरे में बंद करने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया और उसे कमरे में बंद कर दिया गया। महिला के मुताबिक, चोट लगने के बाद उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि इसके बाद भी उसे कुछ समय तक कमरे में कैद रखा गया और मायके जाकर 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि शादी के बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। शिकायत में ससुराल के एक रिश्तेदार पर आपत्तिजनक व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।

किसी तरह रांची पहुंची पीड़िता, सदर थाना में शिकायत

पीड़िता के अनुसार, वह किसी तरह ससुराल से निकलकर रांची स्थित अपने मायके पहुंची। वहां उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सदर थाना पहुंचे, जहां महिला ने पुलिस को अपना बयान दिया और प्राथमिकी दर्ज कराई।पुलिस ने महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है।

DSP समेत कई लोगों पर FIR

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने डीएसपी राम प्रवेश कुमार के अलावा सास उर्मिला देवी, ससुर अरविंद कुमार, मामा जनार्दन प्रसाद यादव समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। शिकायत में पति के अन्य रिश्तेदारों पर भी प्रताड़ना में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही उनकी पुष्टि हो सकेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

हाईप्रोफाइल मामला होने से पुलिस महकमे में चर्चा

डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारी की पत्नी की ओर से अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न तथा जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला हाईप्रोफाइल हो गया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों के चलते पुलिस महकमे में भी इसकी चर्चा है। फिलहाल पुलिस का फोकस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच पर है। मामले में आरोपियों का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।