धनबाद में ‘डकैतों का खौफनाक खेल’! बरवाअड्डा बच्चों को बंधक बनाकर लाखों की लूट, CCTV तोड़ फरार

धनबाद के बरवाअड्डा में रिटायर्ड आर्मी हवलदार के घर डकैती, बच्चों को बंधक बनाकर 20 लाख के गहने और नकदी लूटी, CCTV तोड़कर फरार हुए बदमाश।

धनबाद में ‘डकैतों का खौफनाक खेल’! बरवाअड्डा बच्चों को बंधक बनाकर लाखों की लूट, CCTV तोड़ फरार
इलाके में दहशत।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज डकैती की घटना सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। मिश्रीडीह मोड़ स्थित रिटायर्ड आर्मी हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को निशाना बनाते हुए नकाबपोश डकैतों ने लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें: बिहार : SDPO के पास 25 प्लॉट और चाय बगान, DRDA निदेशक ने ITI के नाम पर खड़ी की करोड़ों की संपत्ति

बांस की सीढ़ी से छत पर चढ़े, फिर घर में घुसे

घटना बीती रात की बताई जा रही है, जब करीब 10 की संख्या में आए अपराधी घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े और अंदर प्रवेश कर गए। पूरी वारदात बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई।

पहले बच्चों को बनाया बंधक, फिर पूरे घर में मचाया उत्पात

घर में घुसते ही बदमाशों ने हथियार के बल पर सबसे पहले बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के डर से सहम जाने के कारण घर के अन्य सदस्य भी विरोध नहीं कर सके। इसके बाद अपराधियों ने एक-एक कमरे की तलाशी लेते हुए पूरे घर को खंगाल डाला।

साढ़े तीन लाख नकद और 20 लाख के गहनों की लूट

डकैतों ने करीब ₹3.5 लाख नकद और लगभग ₹20 लाख मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूट लिए। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए घर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया और DVR भी अपने साथ ले गए।

नशीला पदार्थ सुंघाने की आशंका

गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें शक है कि बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली।

सूचना के बाद भी देरी से पहुंची पुलिस

घटना की सूचना रात करीब 2 बजे पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस टीम सुबह करीब 4:30 बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस बड़ी डकैती के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है।