'बस आज की रात है जिंदगी...' गाने पर झूम रहा था परिवार संग केतन अग्रवाल, एक महीने बाद मातम में बदली खुशियां
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हत्या से एक महीने पहले का प्री-वेडिंग वीडियो सामने आया है। 'बस आज की रात है जिंदगी' गाने पर झूमते दोनों परिवारों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर पुलिस आरोपी चेतन चौधरी का गेट एनालिसिस कर रही है।
HighLights:
- हत्या से एक महीने पहले का प्री-वेडिंग फंक्शन का वीडियो आया सामने।
- वीडियो में केतन के पिता और सिया के माता-पिता एक साथ डांस करते दिखे।
- 'बस आज की रात है जिंदगी...' गाने पर झूम रहा था पूरा परिवार।
- सिंगर रीतू शर्मा ने सिया के लिए कड़ी सजा की मांग की।
पुणे (Threesocieties.com Desk): पुणे के लोहगढ़ किले में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे देश को भावुक कर दिया है। यह वीडियो हत्या से करीब एक महीने पहले आयोजित सिया और केतन के प्री-वेडिंग फंक्शन का बताया जा रहा है, जिसमें दोनों परिवार खुशियों में डूबे नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड: हाईकोर्ट में पुलिस को बड़ा झटका, रिटायर्ड SI पर दंडात्मक कार्रवाई रद्द रखने के आदेश पर डबल बेंच की मुहर
View this post on Instagram
वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल बॉलीवुड के मशहूर गीत "यम्मा-यम्मा... बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां होंगे कौन जाने..." पर झूमते दिखाई दे रहे हैं। उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही दिनों बाद यही गीत एक दर्दनाक सच्चाई बन जाएगा और जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम छा जाएगा।
केतन और होने वाले ससुर का डांस बना लोगों की आंखों का आंसू
वीडियो के अगले हिस्से में केतन अपने होने वाले ससुर प्रवीण गोयल के साथ फिल्म गदर के लोकप्रिय गीत "मैं निकला गड्डी लेके" पर डांस करते दिखाई देता है। दोनों परिवारों के बीच की आत्मीयता और खुशियों को देखकर किसी को अंदाजा नहीं था कि आने वाले दिनों में यही रिश्ता एक खौफनाक साजिश और हत्या की कहानी में बदल जाएगा।
सिंगर रीतू शर्मा ने साझा किया वीडियो
इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाली सिंगर रीतू शर्मा ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि 7 मई को आयोजित कार्यक्रम में दोनों परिवार बेहद खुश थे और केतन को देखकर कोई यह नहीं कह सकता था कि उसके साथ इतनी दर्दनाक घटना घटेगी। रीतू शर्मा ने लिखा कि केतन बेहद मासूम और खुशमिजाज युवक था और उसके साथ जो हुआ, उसके लिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सिया के लिए कड़ी सजा की मांग
सिंगर ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि अगर सिया किसी रिश्ते से खुश नहीं थी तो उसके पास शादी तोड़ने या अलग होने का विकल्प था, लेकिन किसी की जान लेने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता की बदनामी से बचने के लिए अगर किसी ने ऐसा कदम उठाया है तो उसे कानून के अनुसार कठोर सजा मिलनी चाहिए।
फिर लोहगढ़ किला पहुंचा आरोपी चेतन
इधर जांच को आगे बढ़ाते हुए पुणे पुलिस बुधवार सुबह आरोपी चेतन चौधरी को एक बार फिर लोहगढ़ किले लेकर पहुंची। पुलिस को घटना वाले दिन का एक CCTV फुटेज मिला था, जिसमें एक व्यक्ति हुडी पहनकर किले की ओर जाता दिखाई दे रहा है।पुलिस को शक है कि वह व्यक्ति चेतन चौधरी ही था। इसी वजह से पुलिस ने उसका गेट एनालिसिस कराया। इसमें आरोपी की चाल, बॉडी लैंग्वेज और चलने के तरीके को रिकॉर्ड कर CCTV फुटेज से उसका मिलान किया जाएगा।
पुलिस के दावे ने बढ़ाई सनसनी
जांच में पुलिस ने दावा किया है कि सिया और चेतन ने हत्या से पहले कई बार योजना बनाई थी। दोनों ने कथित तौर पर हत्या की रिहर्सल भी की थी और वारदात से एक दिन पहले एक कैफे में बैठकर पूरी साजिश तैयार की थी। पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले पर सिया ने पानी पीने और जूते का फीता बांधने का बहाना बनाकर चेतन को इशारा किया, जिसके बाद पीछे चल रहे चेतन ने केतन को खाई में धक्का दे दिया।
छह दिन में गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी
18 जून को हुई इस सनसनीखेज वारदात के महज छह दिनों के भीतर पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और जांच एजेंसियां लगातार उनसे पूछताछ कर रही हैं।
'सिया पॉइंट' नाम पर भी शुरू हुआ विवाद
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के बाद लोहगढ़ किले पर आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग घटनास्थल को 'सिया पॉइंट' कहने लगे हैं, जिस पर इतिहासकारों और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि किसी ऐतिहासिक स्थल की पहचान बदलना उसके इतिहास के साथ छेड़छाड़ है।






