बिहार: ‘अंकल बचा लीजिए...’ फिर भी नहीं बची नाबालिग! टेलर की दुकान से खींचकर बदमाशों ने मारी गोली
दानापुर के आरपीएस मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने रैपिडो से लौट रही नाबालिग लड़की का पीछा कर टेलर की दुकान से खींचकर गोली मार दी। लड़की कंधे में गोली लगने से घायल है, जबकि रैपिडो चालक भी गोली लगने से गंभीर घायल हुआ है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
HighLights:
- दानापुर के आरपीएस मोड़ पर दिनदहाड़े नाबालिग लड़की पर फायरिंग
- रैपिडो से घर लौट रही लड़की को बदमाशों ने दुकान से खींचकर मारी गोली
- फायरिंग में रैपिडो बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल
पटना (Threesocieties.com Desk): पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरपीएस मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रैपिडो बाइक से घर लौट रही एक नाबालिग लड़की का पीछा किया और उस पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए लड़की भागकर एक टेलर की दुकान में जा छिपी, लेकिन बदमाश वहां भी पहुंच गए।
पीड़िता ने टेलर से मदद की गुहार लगाते हुए कहा- ‘अंकल बचा लीजिए...’। इसके बावजूद बदमाशों ने हथियार के बल पर लड़की को दुकान से बाहर खींच लिया और गोली मार दी। गोली उसके दाहिने कंधे में लगी है। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
रैपिडो चालक को भी लगी गोली
जानकारी के अनुसार, लड़की रैपिडो बाइक से एसके पुरम स्थित अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। आरपीएस मोड़ के पास बदमाशों ने लड़की को निशाना बनाकर फायरिंग की। लड़की के झुक जाने से गोली उसे न लगकर रैपिडो चालक के कमर में जा लगी। गोली लगने के बाद चालक राहुल कुमार घायल होकर गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।
बदहवास हालत में टेलर की दुकान में घुसी लड़की
गोली चलने के बाद नाबालिग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास हालत में भागी। वह आरपीएस मोड़ के पास आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित परिचित टेलर की दुकान में घुस गई। दुकानदार के अनुसार, लड़की बेहद डरी हुई थी। उसका शरीर कांप रहा था। उसने टेलर से मदद मांगते हुए कहा कि ‘अंकल बचा लीजिए।’ इसके बाद वह टेलर के पीछे छिप गई। लड़की को लगा कि दुकान के अंदर आने के बाद वह सुरक्षित हो गई है, लेकिन कुछ ही देर में उसका पीछा कर रहे दोनों बदमाश वहां भी पहुंच गए।
हथियार दिखाकर टेलर को धमकाया
बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश हथियार लेकर दुकान के अंदर पहुंचे। उन्होंने टेलर को धमकाते हुए लड़की को बाहर निकालने के लिए कहा। बदमाशों ने कथित तौर पर यह भी धमकी दी कि अगर बीच में आए तो गोली मार देंगे। इसी दौरान एक बदमाश की नजर लड़की पर पड़ गई। उसने लड़की को दुकान से बाहर खींचना शुरू कर दिया। नाबालिग ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गिर गई। इसके बाद दूसरे बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली लड़की के दाहिने कंधे में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
घायल लड़की ने खुद दी परिजनों को सूचना
गोली लगने के बाद भी नाबालिग ने हिम्मत नहीं खोई। उसने टेलर से मोबाइल मांगा और अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल लड़की को इलाज के लिए राजा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों बदमाश किस बाइक से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। इसके अलावा अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।
रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। नाबालिग को ही निशाना बनाकर हमला क्यों किया गया, क्या आरोपी पहले से उसका पीछा कर रहे थे और उनके बीच किसी तरह का पुराना विवाद था—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ आपसी रंजिश और पूर्व के विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आरपीएस मोड़ और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बदमाशों ने लड़की का पीछा करते हुए टेलर की दुकान तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।




