धनबाद: आर्यन केल्विन की फैन मीट में हंगामा, बाउंसरों से भिड़े प्रशंसक; पत्थरबाजी

धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आर्यन केल्विन की फैन मीट में जमकर हंगामा हुआ। प्रशंसकों और बाउंसरों में धक्का-मुक्की, पत्थरबाजी और कुर्सियां टूटने से अफरातफरी मच गई।

धनबाद: आर्यन केल्विन की फैन मीट में हंगामा, बाउंसरों से भिड़े प्रशंसक; पत्थरबाजी
राजकीय शोक में केल्विन की फैन मीट में अफरातफरी।

Advertisement

     HighLights:

  • राजकीय शोक के बीच धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आर्यन केल्विन की फैन मीट
  • स्टेज पर जाने को लेकर प्रशंसकों और बाउंसरों के बीच धक्का-मुक्की
  • राजकीय शोक के चलते पुलिस ने डीजे और लाउडस्पीकर बंद कराया
  • बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में घोषित दो दिवसीय राजकीय शोक के बीच धनबाद में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आर्यन केल्विन (Aryan Kelvin) की फैन मीट चर्चा में आ गई। रविवार को गोल्फ ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। आर्यन केल्विन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही युवाओं में उत्साह बढ़ गया और देखते ही देखते व्यवस्था बिगड़ गई।

स्टेज की ओर बढ़ने और केल्विन के साथ मंच पर जाने की कोशिश कर रहे कुछ युवाओं को रोकने के दौरान बाउंसरों और प्रशंसकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद मामला बढ़ता गया। कार्यक्रम स्थल पर हंगामे, कुछ युवकों द्वारा पत्थरबाजी और कुर्सियां तोड़े जाने की बातें सामने आईं। अचानक मची अफरातफरी के कारण मैदान में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।

राजकीय शोक के कारण पुलिस ने बंद कराया डीजे

आर्यन केल्विन की फैन मीट के लिए आयोजकों ने पहले से जिला प्रशासन से अनुमति ली थी। कार्यक्रम का समय शाम चार बजे से रात सात बजे तक निर्धारित था। हालांकि, रविवार तड़के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर के बाद राज्य में राजकीय शोक घोषित कर दिया गया। शाम करीब पांच बजे धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ गोल्फ ग्राउंड पहुंचे। पुलिस ने राजकीय शोक का हवाला देते हुए कार्यक्रम में बज रहे डीजे और लाउडस्पीकर को बंद करा दिया। इसके बाद आयोजकों को सादे तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी गई। बताया गया कि राजकीय शोक को देखते हुए आयोजकों की ओर से प्रशासन को यह भरोसा दिया गया था कि कार्यक्रम में डीजे नहीं बजाया जाएगा। इसी आधार पर कार्यक्रम को जारी रखने की अनुमति मिली।

केल्विन के पहुंचते ही बढ़ा प्रशंसकों का उत्साह

फैन मीट में शामिल होने के लिए धनबाद के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे। बिहार और उत्तर प्रदेश से भी प्रशंसक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। केल्विन के मैदान में पहुंचने के बाद प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ गया। स्टेज के चारों ओर लोहे और बांस की बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद कई युवा स्टेज के करीब जाने और केल्विन के साथ मंच पर चढ़ने की कोशिश करने लगे। उन्हें रोकने के दौरान बाउंसरों ने हस्तक्षेप किया। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

बाउंसरों और युवकों में भिड़ंत की चर्चा

हंगामे के बीच आर्यन केल्विन के बॉडीगार्ड और कुछ युवकों के बीच मारपीट होने की भी चर्चा रही। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थिति बिगड़ने के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। मैदान में जगह-जगह जूते-चप्पल बिखरे नजर आए। कुछ कुर्सियां टूट गईं। पत्थर चलने की बात भी सामने आई।इसके बावजूद स्थिति को नियंत्रित किए जाने के बाद फैन मीट को सादे तरीके से आगे बढ़ाया गया और कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।

बाइक से स्टंट कर रहा युवक पकड़ा गया

फैन मीट के दौरान पुलिस ने एक युवक को बाइक से स्टंट करते हुए पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने युवक को बाइक समेत हिरासत में लिया और उसे धनबाद थाना ले जाया गया। बाद में बॉन्ड भरवाकर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कार्यक्रम में युवाओं की भारी भीड़ के कारण व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण रहा।

साड़ी और दूल्हे के रूप में पहुंचे प्रशंसक

आर्यन केल्विन के प्रति प्रशंसकों की दीवानगी कार्यक्रम में अलग-अलग अंदाज में देखने को मिली। एक युवक लाल साड़ी पहनकर पूरे गोल्फ ग्राउंड में घूमता नजर आया। वहीं एक अन्य युवक दूल्हे के रूप में पहुंचा था और उसके साथ पट्टी लगाए एक युवक भी मौजूद था।दो युवक पूरे शरीर पर पट्टी लपेटकर कार्यक्रम में पहुंचे थे। ऐसे कई प्रशंसक अलग-अलग वेशभूषा और अंदाज में नजर आए। युवतियों की भी अच्छी-खासी संख्या कार्यक्रम में मौजूद थी।

रील बनाने वालों की भी रही भीड़

फैन मीट में आर्यन केल्विन के प्रशंसकों के साथ बड़ी संख्या में रील और वीडियो बनाने वाले युवा भी मौजूद थे। सोशल मीडिया के लिए अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाने को लेकर युवाओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल पर कई प्रशंसक केल्विन के साथ तस्वीर और वीडियो बनाने की कोशिश करते दिखे। भीड़ बढ़ने के कारण बैरिकेडिंग के आसपास भी दबाव की स्थिति बनी रही।

बिहार-यूपी से भी पहुंचे केल्विन के प्रशंसक

आर्यन केल्विन की फैन मीट में सिर्फ धनबाद और झारखंड के युवा ही नहीं, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश से भी प्रशंसक पहुंचे थे। आगरा, समस्तीपुर समेत कई इलाकों से युवा धनबाद आए थे। आगरा से पहुंचा एक युवक तो साइकिल से धनबाद पहुंचने की बात कह रहा था। उसने खुद को केल्विन का सबसे बड़ा प्रशंसक बताया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के प्रति युवाओं में किस तरह का क्रेज है।

राजकीय शोक के बीच आयोजन बना चर्चा का विषय

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में राजकीय शोक के बीच आयोजित फैन मीट को लेकर पहले ही चर्चा थी। प्रशासन की ओर से डीजे और लाउडस्पीकर बंद कराने के बाद कार्यक्रम को सादे तरीके से जारी रखने की अनुमति दी गई। हालांकि, बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने और स्टेज के करीब जाने की कोशिश के बाद कार्यक्रम में हंगामा हो गया। बाउंसरों और युवकों के बीच धक्का-मुक्की, पत्थरबाजी और कुर्सियां टूटने की घटनाओं ने आयोजन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।