धनबाद: फिर विवादों में मिहिर किडनी केयर: गलत इलाज का आरोप, हंगामा, पुलिस पहुंची; मरीज कोलकाता रेफर

धनबाद के नावाडीह स्थित मिहिर किडनी केयर अस्पताल में गलत इलाज, अधिक बिल और बदसलूकी के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार किया, जबकि मरीज को कोलकाता रेफर किया गया।

धनबाद: फिर विवादों में मिहिर किडनी केयर: गलत इलाज का आरोप, हंगामा, पुलिस पहुंची; मरीज कोलकाता रेफर
मिहिर किडनी केयर पर फिर गंभीर आरोप: इलाज पर उठे सवाल।

Advertisement

         HighLights:

  •  मरीज के स्वजन ने लगाया गलत इलाज कर स्थिति बिगाड़ने का आरोप
  •  अस्पताल प्रबंधन पर बदसलूकी और गाली-गलौज के भी आरोप
  • पहले भी विवादों में आ चुका है अस्पताल, गलत इलाज के लगते रहे हैं आरोप 

धनबाद (Threesocieties.com Desk): शहर के आठ लेन, नावाडीह स्थित मिहिर किडनी केयर अस्पताल एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। गुरुवार को अस्पताल में उस समय हंगामा मच गया जब एक मरीज के परिजनों ने चिकित्सक डॉक्टर मिहिर कुमार झा पर गलत इलाज, अनावश्यक जांच एवं भारी-भरकम बिल वसूलने व उनकी पत्नी राखी झा समेत अस्पताल के अन्य कर्मियों पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। विवाद बढ़ने पर धनबाद थाना पुलिस को मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद मरीज के परिजन अस्पताल से डिस्चार्ज कर मरीज को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले गए।

यह भी पढ़ें: Coal India का बड़ा एक्शन: विजिलेंस केस में 'दागी' अफसरों का PRP पूरी तरह बंद

चार दिन पहले कराया था भर्ती

भूली के रहमतगंज निवासी मोहम्मद सादुल्लाह पिछले करीब ढाई वर्षों से किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। परिजनों के अनुसार तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रविवार को मिहिर किडनी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज के पुत्र हमजा का आरोप है कि उनके पिता को किडनी की समस्या थी, लेकिन अस्पताल में चार दिनों तक फेफड़ों की बीमारी बताकर इलाज किया गया और इस दौरान करीब ढाई से तीन लाख रुपये का बिल बना दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में फेफड़ों के विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने के बावजूद हर विजिट के नाम पर दो से ढाई हजार रुपये तक वसूले गए।

डायलिसिस के बाद मरीज की बिगड़ी हालत 

हमजा ने बताया कि पिता की स्थिति बिगड़ने लगी तो बुधवार की रात डॉक्टर मिहिर कुमार झा ने डायलिसिस कर दी। इसके बाद तबीयत और खराब हो गई तो अस्पताल के कर्मियों ने फेफड़ों में इन्फेक्शन समेत अन्य समस्या बताकर मरीज को दूसरे अस्पताल में ले जाने को कह दिया। इस पर मरीज के स्वजन भड़क गए और चिकित्सक पर गलत इलाज का आरोप लगाने लगे। स्वजनों का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल के कर्मियों ने उनके साथ मवालियों जैसा व्यवहार किया। उनके साथ गाली गलौज करते हुए दुर्व्यवहार किया गया। अस्पताल की मैनेजर डॉक्टर मिहिर झा की पत्नी राखी झा पर भी गाली गलौज करने का आरोप स्वजनों ने लगाया।

अभी मरा नहीं है मरीज तुम्हारा....

मोहम्मद सादुल्लाह के पुत्र हमजा ने बताया कि जब उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए तो डॉक्टर मिहिर झा की पत्नी रखी जाने बदतमीजी करते हुए कहा कि अभी मरीज मरा नहीं है तुम्हारा! उनका कहना था कि उन्होंने भी अपनी मां के कैंसर के इलाज में 50 लख रुपए खर्च किए... अस्पताल में इतने पैसे लगते हैं... बवाल करने की जरूरत नहीं है। 

परिवार को पूरी तरह से निचोड़ दिया 

हमजा का कहना था कि वह दो भाई और चार बहन है। बीते दो-ढाई साल से पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद पूरे परिवार का जैसे-तैसे गुजारा हो रहा है। इसके बावजूद अस्पताल के संचालक डॉक्टर मिहिर झा ने उनकी दशा समझने के बजाय उन्हें लूटने की कोशिश की। इलाज के नाम पर बेवकूफ बनाकर पूरे पैसे निचोड़ लिये और उसके बाद जब मरीज की स्थिति बदतर हो गई तो उन्हें बाहर ले जाने को कह दिया। मरीज के स्वजन ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। 

पहले भी विवादों में रहा है अस्पताल

गौरतलब है कि मिहिर किडनी केयर अस्पताल पहले भी विवादों में रहा है। इसके पूर्व भी मरीजों के स्वजन ने अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर मिहिर झा पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। इसी तरह के एक मामले में बीते 29 जुलाई की रात अस्पताल के कर्मियों ने गलत इलाज का आरोप लगाने पर दो भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी।

किराये के गुंडों के भरोसे लोगों से वसूली का आरोप

मोहम्मद सादुल्लाह के स्वजनों ने कहा कि अस्पताल संचालक ने पैसे वसूलने के लिए किराए के गुंडे पाल रखे हैं। किसी तरह का सवाल करने पर वह मरीज के स्वजन को डराते धमकाते हैं। वह स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल के गार्ड्स पर हल्ला हुड़दंग करने का आरोप लगाया है। लोगों का आरोप है कि हर बार इस तरह के मामले सामने आते हैं, लेकिन पुलिस इन्हीं लोगों का साथ दे देती है, जिनसे इनका दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है।

डॉक्टर मिहिर कुमार झा ने आरोपों से किया इनकार

दूसरी ओर अस्पताल संचालक डॉ. मिहिर कुमार झा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अस्पताल में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने विवाद और दुर्व्यवहार की बात से साफ इनकार किया।

नोट: यह खबर मरीज के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और अस्पताल प्रबंधन के आधिकारिक पक्ष, दोनों पर आधारित है। मामले में किसी सक्षम प्राधिकरण द्वारा आरोपों की पुष्टि या जांच का अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।