बिहार: लालू की फोटो साथ लेकर nomination करने पहुंचीं मीसा, तेजप्रताप और राबड़ी भी थीं साथ
पाटलिपुत्र से राजद की उम्मीदवार मीसा भारती ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया।राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती अपनी मां राबड़ी देवी और भाई तेजप्रताप यादव के नामांकन दाखिल करने पटना समाहरणालय पहुंची थीं। पिता लालू यादव की गैरमौजूदगी में नामांकन करने पहुंची मीसा अपने साथ उनकी तस्वीर लेकर पहुंची थीं। मां राबड़ी देवी के आवास से निकलने से पहले मीसा मीसा भारती ने कहा कि लालू जी इस वक्त हमारे साथ नहीं हैं, इसलिए मैं उनकी तस्वीर साथ लेकर अपना नामांकन करने जा रही हूं। मैं आज उन्हें बहुत मिस कर रही हूं। जिस वक्त मीसा नॉमिनेशन कर रही थीं लालू की तस्वीर राबड़ी के हाथों में थी और तेजप्रताप मां राबड़ी के बगल में बैठे थे। तेजप्रताप ने कहा-मेरी दीदी शेरनी है: अपनी बड़ी बहन मीसा भारती के नामांकन के बाद लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अपनी बहन मीसा भारती को शेरनी बताया। कहा कि पाटलिपुत्र की सीट उनकी बहन ही जीतेंगी। तेजप्रताप ने कहा कि जिन्हें हमारे परिवार के खिलाफ नारेबाजी करनी है वो करें। लेकिन मैं बता देना चाहता हूं कि जनता सबका हिसाब करेगी और विरोधी इस बात को भी जान लें कि मीसा भारती की पाटलिपुत्र से जीत पक्की है। उदास थीं राबड़ी: बड़ी बेटी मीसा के नामांकन के लिए उनके साथ समाहरणालय पहुंची मां राबड़ी देवी भी थीं जिनके चेहरे पर उदासी साफ तौर पर देखने को मिल रही थी। नामांकन के बाद पाटलिपुत्र उम्मीदवार मीसा भारती ने विपक्ष पर हमला बोला और कहा कि एनडीए मुद्दाविहीन है, इस बार चुनाव देश बचाने को है। पहली बार हिंदुस्तान चुनाव में पाकिस्तान की चर्चा हो रही है। मीसा ने कहा कि रामकृपाल यादव अपने समर्थकों के जरिये हमारे खिलाफ लगातार नारे लगवा रहे हैं। वो हार के डर से बौखला गए हैं। बता दें कि रामकृपाल यादव और मीसा के समर्थकों के बीच जिला समाहरणालय कैंपस में जमकर तकरार और नारेबाजी भी हुई। मीसा भारती पाटलिपुत्र से महागठबंधन की प्रत्याशी हैं, जहां उनका मुकाबला मोदी सरकार में मंत्री भाजपा नेता रामकृपाल यादव से है। गुरुवार को ही रामकृपाल यादव ने भी पाटलिपुत्र सीट से अपना नामांकन किया है। रामकृपाल यादव पिछले लोकसभा चुनाव में ही राजद छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे।




