तिरुपति से 2 करोड़ के मोबाइल उड़ाए, फरक्का में साहिबगंज के 3 शातिर धराए; 42 iPhone समेत 200 मोबाइल बरामद
तिरुपति में करीब 2 करोड़ रुपये के 200 मोबाइल चोरी मामले का साहिबगंज पुलिस ने खुलासा किया। फरक्का से तीन आरोपी गिरफ्तार, 42 iPhone समेत 200 मोबाइल बरामद।
HighLights:
- तिरुपति की मोबाइल दुकान में हुई करीब ₹2 करोड़ की चोरी का साहिबगंज पुलिस ने किया खुलासा
- आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
- फरक्का से 42 iPhone समेत कुल 200 मोबाइल फोन बरामद
- गिरफ्तार आरोपियों का झारखंड के अलावा यूपी और महाराष्ट्र में भी आपराधिक इतिहास
साहिबगंज (Threesocieties.com Desk): आंध्र प्रदेश के तिरुपति में करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन की बड़ी चोरी का साहिबगंज पुलिस ने खुलासा किया है। साहिबगंज पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मोबाइल चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए 200 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें 42 iPhone शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: NALSAR विवाद पर CJI सूर्यकांत का BCI को दो टूक: ‘यह मेरे और छात्रों के बीच का मामला, दखल की जरूरत नहीं’
बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सभी मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित एक दुकान से चोरी किए गए थे।
7-8 अगस्त की रात हुई थी बड़ी चोरी
पुलिस के अनुसार, 7 और 8 अगस्त की मध्यरात्रि तिरुपति थाना क्षेत्र स्थित सोनोविजन प्राइवेट लिमिटेड नामक दुकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोर दुकान से करीब 200 मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद तिरुपति पुलिस स्टेशन में कांड संख्या 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान चोरी के तार झारखंड के साहिबगंज जिले से जुड़ने की जानकारी सामने आई। इसके बाद 8 अगस्त को तिरुपति पुलिस की टीम साहिबगंज पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।
साहिबगंज पुलिस ने फरक्का में बिछाया जाल
तिरुपति पुलिस से मिली जानकारी के बाद साहिबगंज के एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजमहल एसडीपीओ के नेतृत्व में राधानगर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। स्थानीय पुलिस ने तिरुपति पुलिस टीम के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पश्चिम बंगाल के फरक्का थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद संयुक्त टीम ने फरक्का में छापेमारी कर तीन आरोपियों को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पियारपुर निवासी आलम शेख, पियारपुर निवासी मोहम्मद बसीरुद्दीन शेख और उत्तर पलासगाछी के खट्टीटोला निवासी टोनिक शेख के रूप में हुई है।
42 iPhone ने बढ़ाई बरामदगी की कीमत
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए 200 मोबाइल फोन में 42 iPhone हैं। इन्हीं समेत बरामद मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की कुल कीमत करीब ₹2 करोड़ आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय मोबाइल चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी के मोबाइल को कहां खपाने की तैयारी थी और गिरोह में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
साहिबगंज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में आलम शेख और टोनिक शेख का लंबा आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। आलम शेख के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मऊ कोतवाली, गाजीपुर, सैदपुर गाजीपुर, महाराष्ट्र के नरमोली थाना तथा झारखंड के लिट्टीपाड़ा और राधानगर थाना समेत कई जगहों पर मामले दर्ज बताए गए हैं। इन मामलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वहीं टोनिक शेख के खिलाफ दौलताबाद और हरिहरपाड़ा थाना में भी मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
तिरुपति पुलिस ले जाएगी आरोपियों को अपने साथ
साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तिरुपति पुलिस की जांच में साहिबगंज के अपराधियों के शामिल होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद तिरुपति पुलिस टीम साहिबगंज पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा। राजमहल एसडीपीओ को कार्रवाई के लिए अधिकृत किए जाने के बाद राधानगर थाना पुलिस ने तिरुपति पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश की और फरक्का से उन्हें चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। अब तिरुपति पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को अपने साथ ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
मोबाइल चोरों पर साहिबगंज पुलिस की नजर
एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि जिले में मोबाइल चोरी और अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस मोबाइल चोरी से जुड़े अपराधियों की कुंडली तैयार कर रही है और ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
तिरुपति की करीब दो करोड़ रुपये की मोबाइल चोरी का साहिबगंज से जुड़े आरोपियों तक पहुंचना यह भी दिखाता है कि मोबाइल चोरी का नेटवर्क एक राज्य तक सीमित नहीं है। पुलिस अब बरामद मोबाइल की सप्लाई चेन और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Anjala Kumar 



