यूपी: हथिनी पर प्राणायाम करते समय नीचे गिरे बाबा रामदेव

योग गुरु बाबा रामदेव सोमवार को मथुरा गोकुल रमणरेती स्थित कार्ष्णि गुरुशरणानंद के आश्रम में हथिनी पर बैठकर प्राणायाम करते समय गिर गये। वह हथिनी से असंतुलित होकर जमीन पर गिरे लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई।

यूपी: हथिनी पर प्राणायाम करते समय नीचे गिरे बाबा रामदेव

Advertisement

मथुरा। योग गुरु बाबा रामदेव सोमवार को मथुरा गोकुल रमणरेती स्थित कार्ष्णि गुरुशरणानंद के आश्रम में हथिनी पर बैठकर प्राणायाम करते समय गिर गये। वह हथिनी से असंतुलित होकर जमीन पर गिरे लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। लेकिन कुछ देर के लिए लोगों में हड़कंप मच गया।  

बाबा रामदेव योग क्रियाओं को लेकर कुछ नया करने के क्रम में सोमवार को योग प्रशिक्षण के दौरान संत गुरुशरणानंद के सजी-संवरी हथिनी राधा पर उनकी नजर पड़ गई। यह हथिनी लंबे समय से पूजन-स्वागत के चलते आकर्षण का केंद्र रही है। बाबा ने हथिनी पर बैठकर शिष्यों को योग कराना शुरू कर दिया। भ्रामरी प्राणायम के दौरान हथिनी ने अपने कानों के साथ शरीर को तेजी से हिलाया-ढुलाया तो बाबा रामदेव का संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे गिर पड़े, मगर बाबा ने खुद को संभाल लिया। आश्रम के सेवादार दौड़कर उनके पास पहुंचे।

 बाबा रामदेव के प्रवक्ता एसके तिजारावाला के अनुसार उक्त घटना सोमवार की  सुबह की है। लेकिन इससे बाबा रामदेव को कोई चोट नहीं आई है। वे पूर्ण रूप से स्वस्थ है और मंगलवार को दिल्ली में थे।