धनबाद में आईजी शैलेन्द्र सिन्हा का सख्त संदेश: ‘अपराध पर जीरो टॉलरेंस’, SSP प्रभात कुमार के काम की खुलकर तारीफ

धनबाद दौरे पर पहुंचे आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर सख्त निर्देश दिए। SSP प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस कार्यों की सराहना भी की।

धनबाद में आईजी शैलेन्द्र सिन्हा का सख्त संदेश: ‘अपराध पर जीरो टॉलरेंस’, SSP प्रभात कुमार के काम की खुलकर तारीफ
आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक।
  • एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे आईजी ने पुलिस अधिकारियों संग की हाईलेवल बैठक
  • कानून-व्यवस्था, साइबर क्राइम और गश्ती व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

धनबाद (Threesocieties.com Desk):  झारखंड के कोयलांचल धनबाद में बुधवार को उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर पुलिस महकमे में खास तैयारी देखी गई। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, वहीं पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

यह भी पढ़ें: चतरा: रेलवे निर्माण की आड़ में ‘मिट्टी माफिया’ का खेल! 11 एकड़ जमीन खोद डाली, FIR के बाद कंपनियों में हड़कंप

अधिकारियों से लिया फीडबैक, जमीनी हकीकत जानी

धनबाद पहुंचते ही आईजी समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ परिचय सत्र किया। इस दौरान उन्होंने हर अधिकारी से उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों, संसाधनों और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। आईजी ने साफ कहा कि सिर्फ आंकड़ों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम का असर दिखना चाहिए।

 ‘जीरो टॉलरेंस’ का सख्त निर्देश

इसके बाद आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आईजी सिन्हा ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, वारंट तामिला, गश्ती व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाए और हर मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 महिला और साइबर अपराध पर विशेष फोकस

आईजी ने खास तौर पर संगठित अपराध, साइबर क्राइम, और महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि इन मामलों में जांच तेज हो, निष्पादन समयबद्ध हो और पीड़ितों को त्वरित न्याय मिले।

तकनीक और निगरानी पर जोर

बैठक में आईजी ने तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, CCTV निगरानी मजबूत करने, खुफिया तंत्र सक्रिय रखने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

SSP प्रभात कुमार की सराहना

आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने SSP प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस के काम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संतोषजनक प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की सलाह भी दी।

 जनता से बेहतर संवाद बनाने का निर्देश

आईजी ने पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत होगा।