बिहार में IAS का महा फेरबदल: पटना समेत 11 जिलों के DM बदले, कुंदन कुमार बने राजधानी के नए कलेक्टर

बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। पटना समेत 11 जिलों के डीएम बदले गए हैं। नालंदा के कुंदन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि कई विभागों और निगमों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।

बिहार में IAS का महा फेरबदल: पटना समेत 11 जिलों के DM बदले, कुंदन कुमार बने राजधानी के नए कलेक्टर
21 IAS अधिकारियों का तबादला।

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 21 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। देर रात जारी अधिसूचना के अनुसार पटना समेत 11 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदल दिया गया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: बिहार की राजनीति में नया विवाद: तेज प्रताप और सहयोगी पर धमकी देने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

सबसे चर्चित बदलाव राजधानी पटना में हुआ है, जहां नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान DM त्यागराजन एसएम को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) का अध्यक्ष बनाया गया है।

यह भी पढ़ेें:Bihar IPS Transfer: बिहार पुलिस में मेगा ट्रांसफर: पटना से पूर्णिया तक बदले पुलिस कप्तान,13 जिलों को मिले नए SP

आनंद किशोर को मिली नई जिम्मेदारी

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव राबर्ट एल. चोंग्थू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वे जांच आयुक्त और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

इन जिलों में बदले गए जिलाधिकारी

सरकार ने पटना, नालंदा, जहानाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, बांका, गोपालगंज और किशनगंज जिलों में नए डीएम की तैनाती की है।

प्रमुख नियुक्तियां
कुंदन कुमार – DM, पटना
उदिता सिंह – DM, नालंदा
दीपक कुमार मिश्रा – DM, रोहतास
छिरिड़ वाई भूटिया – DM, जहानाबाद
अलंकृता पांडेय – DM, भागलपुर
कुमार गौरव – DM, मुजफ्फरपुर
सौरभ सुमन यादव – DM, पूर्वी चंपारण
समीर सौरभ – DM, गोपालगंज
नवीन कुमार – DM, किशनगंज
विक्रम विरकर – DM, खगड़िया
अंशुल अग्रवाल – DM, बांका

विभागों और निगमों में भी बड़ा बदलाव

मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BMICL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं खगड़िया के डीएम नवीन कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मिली राहत

सरकार ने इस फेरबदल के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से भी मुक्त किया है। इससे विभागीय कार्यों में जवाबदेही और दक्षता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अजय यादव को मद्य निषेध विभाग के सचिव और BSBCL के MD के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। चन्द्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। राहुल कुमार को SBPDCL के MD के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। कृषि निदेशक के पद पर नई नियुक्ति होने तक वित्त विभाग के विशेष सचिव मुकेश कुमार लाल को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

बिहार की राजनीति, प्रशासन और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें Threesocieties.com के साथ।