बिहार: पूर्णिया IG का बड़ा एक्शन: स्मैक-शराब माफिया से साठगांठ पर 2 SHO नपे, 2 और थानेदार हटे
पूर्णिया रेंज के IG विवेकानंद ने सीमांचल में पुलिस महकमे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जोगबनी SHO को स्मैक तस्करों से सांठगांठ के आरोप में निलंबित कर दिया, जबकि श्रीनगर SHO को शराब तस्करों से संबंध के आरोप में लाइन हाजिर किया गया। दो अन्य थाना प्रभारियों को तकनीकी अक्षमता के कारण हटाया गया।
HighLights:
- पूर्णिया रेंज के IG विवेकानंद ने चार थाना प्रभारियों पर की बड़ी कार्रवाई
- जोगबनी SHO महादेव कामत स्मैक व गांजा तस्करों से सांठगांठ के आरोप में निलंबित
- बरदाहा और मदनपुर SHO तकनीकी दक्षता व CCTNS ज्ञान के अभाव में हटाए गए
पूर्णिया (Threesocieties.com Desk): सीमांचल में पुलिस महकमे के भीतर भ्रष्टाचार, तस्करों से कथित सांठगांठ और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ पूर्णिया रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विवेकानंद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार थाना प्रभारियों पर गाज गिराई है।
यह भी पढ़ें: 'क्या बोलती पब्लिक' से युवाओं के बीच उतरेगी CJP, अभिजीत दीपके बोले-शिक्षा और रोजगार पर चलेगा अभियान
अररिया के जोगबनी थाना प्रभारी को स्मैक एवं मादक पदार्थ तस्करों से मिलीभगत के आरोप में निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, जबकि पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना प्रभारी को शराब तस्करों से संबंध रखने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, दो अन्य थाना प्रभारियों को तकनीकी दक्षता और CCTNS संचालन में कमजोरी के कारण पद से हटाया गया है।
जोगबनी SHO पर गंभीर आरोप, विभागीय जांच शुरू
अररिया एसपी की रिपोर्ट में जोगबनी के तत्कालीन थानाध्यक्ष महादेव कामत पर क्षेत्र में सक्रिय स्मैक, गांजा और कोडीन तस्करों से सांठगांठ कर अवैध उगाही करने तथा उनके ठिकानों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान को केस डायरी में दर्ज नहीं किया गया और रिकॉर्ड में हेरफेर का प्रयास किया गया। आईजी ने स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।
श्रीनगर SHO पर शराब तस्करों से रिश्ते का आरोप
पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना प्रभारी अमर कुमार के खिलाफ जांच में यह पाया गया कि क्षेत्र के एक चिन्हित शराब तस्कर का थाने में नियमित आना-जाना था और उसके साथ घनिष्ठ संबंधों की शिकायतें सही पाई गईं। इसके बाद आईजी ने उन्हें तत्काल लाइन हाजिर करने का आदेश दिया।
तकनीकी अक्षमता पर भी कार्रवाई
आईजी ने अररिया जिले के बरदाहा थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार सिंह और मदनपुर थाना प्रभारी शमसुद्दीन अंसारी को भी पद से हटा दिया। अधिकारियों के अनुसार दोनों CCTNS संचालन, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन और तकनीकी कार्यों में अपेक्षित दक्षता नहीं दिखा सके। एसपी को निर्देश दिया गया है कि इन पदों पर तकनीकी रूप से सक्षम अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
कसबा थाने के निरीक्षण में खुली बड़ी गड़बड़ी
आईजी विवेकानंद के औचक निरीक्षण के दौरान कसबा थाने में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि 25 मामलों का निष्पादन कागजों में दिखा दिया गया था, लेकिन उनकी चार्जशीट अदालत में भेजी ही नहीं गई थी। आईजी ने सभी लंबित मामलों की चार्जशीट तत्काल कोर्ट भेजने का आदेश दिया। इसके अलावा पिछले छह महीनों में आम नागरिकों से प्राप्त लगभग 1500 आवेदनों पर FIR दर्ज नहीं किए जाने को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सख्त संदेश
पूर्णिया रेंज में हुई इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। मादक पदार्थों और शराब तस्करों से कथित मिलीभगत, केस डायरी में हेरफेर, तकनीकी अक्षमता और लंबित मामलों पर आईजी की सख्ती ने साफ संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आईजी विवेकानंद ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की साख से समझौता करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
News Desk 



