छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 12 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 30 से ज्यादा घायल

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर विस्फोट से 12 मजदूरों की मौत और 30 से अधिक घायल। हादसे के बाद सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल, जांच जारी।

छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 12 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 30 से ज्यादा घायल
वेदांता पावर प्लांट में भीषण विस्फोट।

रायपुर (Threesocieties.com Desk): छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: बिहार में BJP का ‘राज’, सम्राट चौधरी बनेंगे मुख्यमंत्री, विजय चौधरी व विजेंद्र यादव होंगे डिप्टी सीएम

चार मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल लाया गया, जहां 8 मजदूरों ने दम तोड़ दिया है। बाकी 10 घायलों की हालत गंभीर है। मजदूर 80% झुलस गये हैं।

धमाके के बाद मचा हड़कंप, आग और धुएं से घिरा प्लांट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि पूरे प्लांट परिसर में जोरदार धमाके की आवाज गूंजी और कुछ ही पलों में आग व धुएं का गुबार फैल गया। अचानक हुए इस हादसे से वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई मजदूर झुलस गए, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तत्काल घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। रायगढ़ के ही मेट्रो हॉस्पिटल में 3 घायलों का इलाज चल रहा है। दो मजदूरों को अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। 6 घायलों को बिलासपुर रेफर किया गया है।

राहत-बचाव अभियान जारी, कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंच गई। प्लांट परिसर को घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं। हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा कर दिया। वे प्रबंधन पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। कुछ मजदूर लापता हैं। परिजनों का कहना है कि प्रबंधन कोई जानकारी नहीं दे रहा है। वहीं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

बॉयलर ट्यूब फटना हादसे की वजह

पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बॉयलर के ट्यूब फटने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल

इस भीषण हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया जाता, तो इतनी बड़ी दुर्घटना टाली जा सकती थी।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया।

PMO ने की मुआवजे की घोषणा 

PMO ने मुआवजे की घोषणा की है। PMNRF से हर मृतक के परिवार वालों को दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जायेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा- उचित मुआवजे और घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।