Dhanbad Nigam Chunav 2026: 23 फरवरी को वोटिंग, 6000 कर्मी और हाईटेक निगरानी के बीच होगा मतदान

धनबाद नगर निगम चुनाव 2026 के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए 1016 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, फ्लाइंग स्क्वायड, सीसीटीवी निगरानी और 6000 से अधिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

Dhanbad Nigam Chunav 2026: 23 फरवरी को वोटिंग, 6000 कर्मी और हाईटेक निगरानी के बीच होगा मतदान
मतदान बढ़ाने को स्वीप अभियान तेज।
  • अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स, फ्लाइंग स्क्वायड और सीसीटीवी की नजर में रहेगा पूरा चुनाव
  • मतदान बढ़ाने को स्वीप अभियान तेज, कम वोटिंग वाले इलाकों पर फोकस
  • 15 फ़रवरी तक जमा करें हथियार वरना निरस्त होगा लाइसेंस

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेस में बताया कि मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने के लिए सुरक्षा, निगरानी और मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: BMS में बड़ा बदलाव: एस मलेशम बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुरेंद्र पांडेय महासचिव

1016 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव के लिए धनबाद नगर निगम क्षेत्र के 468 भवनों में 974 मतदान केंद्र तथा चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के 32 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती रहेगी और हर बूथ को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी

पुलिस प्रशासन ने धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 158 सामान्य, 648 संवेदनशील और 168 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए हैं, जबकि चिरकुंडा क्षेत्र में 40 सामान्य और 2 संवेदनशील केंद्र हैं। अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष सुरक्षा व्यवस्था तैनात की जायेगी।

फ्लाइंग स्क्वायड, सीसीटीवी और शिकायत मॉनिटरिंग सेल सक्रिय

निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, चेक पोस्ट और सीसीटीवी निगरानी पूरी तरह सक्रिय कर दी गई है। अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय में कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल और एक्सपेंडिचर सेल 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। किसी भी प्रकार की शिकायत नागरिक पुलिस कंट्रोल रूम डायल 112 पर भी दर्ज करा सकते हैं।

6000 से अधिक कर्मी और 500 से ज्यादा वाहन तैनात

चुनाव संचालन के लिए 6000 से अधिक मानव बल, 180 बसें और 500 से अधिक वाहन लगाए गए हैं। मतदान सामग्री 23 फरवरी को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से रवाना होगी और मतदान के बाद धनबाद पॉलिटेक्निक में जमा की जाएगी। 27 फरवरी को वहीं मतगणना होगी।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप अभियान

कम मतदान वाले क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के लिए स्वीप कार्यक्रम तेज कर दिया गया है। मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और मतदान कर्मियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

नकद, हथियार और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी

चुनाव के दौरान नकद लेनदेन, सोशल मीडिया और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 1.99 लाख रुपये से अधिक नकद मिलने पर स्रोत बताना अनिवार्य होगा, जबकि 10 लाख रुपये से अधिक मिलने पर आयकर विभाग को सूचना दी जाएगी।

जिले में मौजूद 1016 लाइसेंसी हथियारों में से 189 जमा हो चुके हैं और शेष हथियार 15 फरवरी तक जमा कराना अनिवार्य है, अन्यथा लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जायेगी।

फेक न्यूज और गड़बड़ी पर त्वरित कार्रवाई

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप सहित सभी प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे नजर रख रही है। फेक न्यूज, अफवाह या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस कांफ्रेस में आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बावरी सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।