धनबाद: डॉक्टर को ‘4 तारीख को मार दूंगा’ की धमकी! ICU के बाहर चिपका लेटर, सांसद ढुलू महतो पहुंचे क्लिनिक
धनबाद के नावाडीह स्थित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को ICU के बाहर चिपकाए गए पत्र से जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की, सांसद ढुलू महतो ने लिया संज्ञान।
- किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को जान से मारने की चेतावनी
- पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
- CCTV खंगाल रही जांच टीम
धनबाद (Threesocieties.com Desk)। धनबाद के नावाडीह स्थित बिरसा मुंडा पार्क के समीप महाकेश्वर कॉम्प्लेक्स में संचालित किडनी केयर क्लिनिक में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्लिनिक की ICU के बाहर एक जान से मारने की धमकी भरा पत्र चिपका हुआ मिला। यह धमकी क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को दी गई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह भी पढ़ें: झारखंड: धनबाद में ‘ब्लैक गोल्ड’ का काला खेल! अवैध खनन पर हाई कोर्ट सख्त, डीएमओ से मांगी एक्शन रिपोर्ट

डॉ. मिहिर कुमार ने धनबाद थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या लिखा था धमकी भरे पत्र में?
डॉ. मिहिर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 9 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे क्लिनिक कर्मी असलम ने ICU के बाहर चिपका एक पत्र देखा। उसने इसकी तस्वीर व्हाट्सऐप के जरिए डॉक्टर को भेजी। सूचना मिलते ही डॉ. मिहिर क्लिनिक पहुंचे और पत्र को देखा।
पत्र में लिखा था
“डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी है। उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता। जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह मारूंगा। इसे हल्के में मत लेना। जितना जीना है, जी लो। 4 तारीख को मार दूंगा। एसपी या डीएसपी के पास जाओ, फिर भी तुम्हें मरना पड़ेगा।” पत्र के नीचे अंग्रेजी में “Kill” शब्द भी लिखा गया था, जिससे डॉक्टर और उनके परिवार में भय का माहौल है।
रंगदारी या पुरानी रंजिश?
डॉ. मिहिर ने आशंका जताई है कि यह धमकी रंगदारी वसूली या किसी व्यक्तिगत रंजिश के कारण दी गई हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी और क्लिनिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सांसद ढुलू महतो पहुंचे क्लिनिक
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के सांसद श्री ढुलू महतो क्लिनिक पहुंचे और डॉ. मिहिर कुमार से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर निर्भीक होकर अपना कार्य करें, प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। मौके पर ही सांसद ने धनबाद के एसएसपी को फोन कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि धनबाद में डॉक्टरों और व्यापारियों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वाले गुंडों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस जांच में जुटी
धनबाद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इलाके में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।






