‘वर्दी और माफिया गठजोड़’ से चल रहा गुंडागर्दी का खेल! बाबूलाल मरांडी का झारखंड सरकार पर बड़ा हमला

धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान के वायरल वीडियो और SSP प्रभात कुमार पर लगाए गए आरोपों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ‘वर्दी और माफिया’ की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की NIA या CBI जांच की मांग की है।

‘वर्दी और माफिया गठजोड़’ से चल रहा गुंडागर्दी का खेल! बाबूलाल मरांडी का झारखंड सरकार पर बड़ा हमला
सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोला।
  • बाबूलाल ने CM हेमंत सोरन को लिखा पत्र

धनबाद (Threesocieties.com Desk): में गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा लगातार जारी किए जा रहे वीडियो ने झारखंड की राजनीति और पुलिस प्रशासन में हलचल मचा दी है। वासेपुर का फरार गैंगस्टर प्रिंस खान एक के बाद एक वीडियो जारी कर धनबाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहा है। अब इस पूरे मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है।

यह भी पढ़ें: साहिबगंज : एक लाख की सुपारी, गोड्डा से बुलाया शूटर… बरहेट हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार

मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में “वर्दी और माफिया” की मिलीभगत से गुंडागर्दी का खेल चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराधियों और माफियाओं के दबाव में काम कर रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

NIA या CBI जांच की मांग

बाबूलाल मरांडी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि NIA या CBI जांच होती है तो सच सामने आ जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भी लिखा गया है। उन्होंने कहा कि अनुराग गुप्ता और वंदना डाडेल से जुड़े मामलों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि अमन राज हत्याकांड और रिया सिन्हा प्रकरण में भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनकी जांच जरूरी है।

शराब घोटाले और खनिज लूट का भी उठाया मुद्दा

प्रेस वार्ता के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर शराब घोटाले में आरोपितों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जानबूझकर समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं की गई, जिसका फायदा आरोपितों को अदालत से जमानत मिलने के रूप में मिला।उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में बालू, कोयला और लोहा सहित प्राकृतिक संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है।

मरांडी ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार माफियाओं के साथ मिलकर काम क्यों कर रही है। बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि धनबाद के एसएसपी के खिलाफ भी कई मामले लंबित हैं। दूसरी ओर गैंगस्टर प्रिंस खान खुलेआम वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन को चुनौती दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

इस मौके पर सांसद ढुलू महतो, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार, महामंत्री मानस प्रसून, सत्येंद्र मिश्रा, सत्येंद्र कुमार और धर्मजीत सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।