झारखंड: गुमला में वर्दी शर्मसार! महिला पुलिसकर्मी संग दो इंस्पेक्टर का अश्लील फोटो वायरल, लाइन क्लोज

गुमला में महिला पुलिसकर्मी के साथ वर्दी में आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद एसपी हरीश बिन जमा ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी महेंद्र करमाली और सर्किल इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए गए हैं।

झारखंड: गुमला में वर्दी शर्मसार! महिला पुलिसकर्मी संग दो इंस्पेक्टर का अश्लील फोटो वायरल, लाइन क्लोज
महिला कांस्टेबल संग फोटो वायरल।

गुमला (Threesocieties.com Desk): झारखंड के गुमला जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। वर्दी में एक महिला पुलिसकर्मी के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुमला पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमला एसपी हरीश बिन जमा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली और सर्किल इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: लातेहार को मिली राजधानी एक्सप्रेस की सौगात, MP कालीचरण सिंह ने दिखाई हरी झंडी; छात्रों-व्यापारियों को बड़ा फायदा

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में पुलिस अधिकारी एक महिला पुलिसकर्मी के साथ बेहद करीबी और आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में दोनों वर्दी पहने हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। वायरल फोटो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, वायरल हुई तस्वीरें अलग-अलग जगहों की बताई जा रही हैं। फोटो में थाना प्रभारी और महिला पुलिसकर्मी बेहद निजी अंदाज में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय तक इसकी सूचना पहुंची।

गुमला एसपी हरीश बिन जमा ने मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वायरल तस्वीरों की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों का कहना है कि जिन अधिकारियों के कंधों पर कानून और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, अगर वही वर्दी की गरिमा का उल्लंघन करें तो इससे पूरे विभाग की साख प्रभावित होती है। फिलहाल दोनों अधिकारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।