गिरिडीह में दिल दहला देने वाला ट्रिपल मर्डर: पिता ने 3 बेटियों का रेता गला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह में दिल दहला देने वाली वारदात में एक पिता ने अपनी तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पत्नी बेटे के साथ भागकर बच गई। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी।

गिरिडीह में दिल दहला देने वाला ट्रिपल मर्डर: पिता ने 3 बेटियों का रेता गला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रिद्धि ,पलवी कुमारी और सिद्धि (फाइल फोटो)।

गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): झारखंड के गिरिडीह जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य घटना के बाद पूरे इलाके में मातम, गुस्सा और दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें: आद्रा रेल मंडल में मेगा ब्लॉक का असर: 9 से 14 जून तक 8 ट्रेनें रद, 10 का बदला रूट

बताया जा रहा है कि घटना सोमवार देर रात की है, जबकि सोमवार सुबह मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने जब बच्चियों के शव देखे तो इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

तीन मासूम बच्चियों की हत्या से दहल उठा गांव

मृत बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय पलवी कुमारी, रिद्धि कुमारी और सिद्धि कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता नंदकिशोर यादव ने धारदार हथियार से तीनों बच्चियों का गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चियां बेहद छोटी थीं और परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव का माहौल था।

पत्नी बेटे के साथ भागकर बची

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी के बीच दूसरे गांव की एक महिला से संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात किसी तरह पत्नी अपने बेटे को लेकर वहां से निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि पुलिस अभी हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ, मुफस्सिल थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता नंदकिशोर यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

प्रारंभिक जांच में हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, कथित प्रेम संबंध और आरोपी की मानसिक स्थिति सहित सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

पूरे इलाके में शोक और आक्रोश

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में आरोपी के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। मासूम बच्चियों की हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है।