झारखंड:गिरिडीह में नक्सलियों को बड़ा झटका, पारसनाथ पहाड़ी से हथियारों का भारी जखीरा बरामद
गिरिडीह में एसपी बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पारसनाथ पहाड़ी से नक्सलियों के छुपाए गए हथियार, ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। यह कार्रवाई जिले में नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गिरिडीह (Threesocieties.com Desk)। झारखंड में गिरिडीह जिले में नक्सल उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार के निर्देश पर जिला पुलिस और सीआरपीएफ 154 बटालियन की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गयी।
यह भी पढ़ें: बिहार: सांसद पप्पू यादव को कोर्ट ने दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, नौ फरवरी को जमानत पर सुनवाई
गिरिडीह पुलिस द्वारा हथियारों का जखीरा बरामद
— GIRIDIH POLICE (@GIRIDIHPOLICE) February 7, 2026
दिनांक 07.02.2026 को डॉ बिमल कुमार भा.पु.से. पुलिस अधीक्षक गिरिडीह एवं श्री सुनीलदत्त त्रिपाठी, कमांडेंट 154 बटालियन को प्राप्त गुप्त सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री सुरजीत कुमार एवं… pic.twitter.com/HmqYtSSJtB
जानकारी के अनुसार खुखरा थाना क्षेत्र के भालखी पहाड़, कनौडीह के समीप नक्सलियों ने गड्ढे खोदकर हथियारों का जखीरा छुपा रखा था। संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान के दौरान वहां से 303 बोर की 11 सिंगल शॉट राइफल, .22 बोर की 9 राइफल, 6 ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एम्युनिशन बॉक्स, 30 चार्जर क्लिप तथा दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर बरामद किए।
इस अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) तथा सीआरपीएफ 154 बटालियन के वरीय अधिकारियों ने किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसपी बिमल कुमार की स्पष्ट रणनीति, मजबूत खुफिया नेटवर्क और पुलिस-अर्धसैनिक बलों के बेहतर समन्वय के कारण यह सफलता संभव हो सकी।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नक्सली संगठनों को बड़ा झटका लगा है और उनकी भविष्य की गतिविधियों पर असर पड़ेगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि नक्सल गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि पारसनाथ और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।






