Advertisement

ADVERTISEMENT
  • अंडरपास में पेवर ब्लॉक बिछने से यातायात होगा आसान
  • बारिश रुकते ही प्रवेश-निकास और बेहतर बनाये जायेंगें
  • नाले के रिसाव को रोकने के लिए बनेगा नया नाला
  • रिसाव बंद होने के बाद अंडरपास पर डामर रोड बनेगी

धनबाद। कोयला राजधानी धनबाद के शहरवासियों को जल्द ही गया पुल अंडरपास पर लगने वाले जाम से राहत मिलने वाली है। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को अंडरपास का निरीक्षण किया। इस दौरान अफसरों ने श्रमिक चौक से गया पुल अंडरपास तक, अंडरपास से नया बाजार जाने वाले मार्ग तथा श्रमिक चौक से स्टेशन रोड मार्ग की स्थिति की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें:धनबाद में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज: अब क्रेन हटायेगी हाईवे पर खड़े वाहन, प्रशासन ने कसा शिकंजा

अफसरों ने बताया कि दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण में अंडरपास पर पेवर ब्लॉक बिछाये गये हैं। इससे वाहनों की आवाजाही आसान हुई है और जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आई है। हालांकि लगातार हो रही बारिश से काम में बाधा आ रही है। बारिश थमने के बाद अंडरपास के प्रवेश और निकास द्वार को और बेहतर बनाया जायेगा।यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने ऑटो रिक्शा पार्किंग के लिए अलग लेन निर्धारित की है, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अंडरपास में नाले के पानी का रिसाव हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए स्टेशन से गया पुल अंडरपास के दूसरे छोर तक नया नाला बनाया जायेगा। रिसाव रुकने के बाद यहां पर डामर रोड का निर्माण किया जायेगा, जिससे सड़क मजबूत और टिकाऊ बनेगी।
निरीक्षण में डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, एसडीएम राजेश कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद, डीसीपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह और पूर्व मध्य रेलवे के पदाधिकारी मौजूद थे।