धनबाद: हरिणा में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: बिजली संकट और जर्जर जलमीनार पर BCCL के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
धनबाद के बाघमारा प्रखंड स्थित हरिणा बस्ती में बिजली की लो वोल्टेज समस्या और जर्जर जलमीनार को लेकर ग्रामीणों ने BCCL प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया है। मशाल जुलूस निकाला गया और सड़क बंद आंदोलन की चेतावनी दी गई।
- हरिणा बस्ती में मशाल जुलूस, सड़क जाम की चेतावनी
- लो वोल्टेज से परेशान ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
- जर्जर जलमीनार हटाने की मांग तेज
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत हरिणा बस्ती में बिजली संकट और जर्जर जलमीनार को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। गुरुवार की शाम हरि मंदिर परिसर के समीप ग्रामीणों ने प्रेस वार्ता कर बीसीसीएल ब्लॉक-दो प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: CBDT का बड़ा एक्शन: आयकर विभाग में मेगा ट्रांसफर! रांची-धनबाद समेत झारखंड में बड़े अफसर बदले

ग्रामीणों ने कहा कि बस्ती में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जर्जर जलमीनार बना खतरा
ग्रामीणों ने बस्ती और कॉलोनी के बीच स्थित पुराने जलमीनार को भी बड़ा खतरा बताया। उनका कहना है कि जलमीनार पूरी तरह जर्जर हो चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, जलमीनार की खराब स्थिति को देखते हुए वर्षों पहले जलापूर्ति बंद कर दी गई थी, लेकिन उसे अब तक हटाया नहीं गया। आए दिन उससे मलबा टूटकर गिरता रहता है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।
हाई पावर ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने मांग की कि बीसीसीएल प्रबंधन तत्काल बस्ती में हाई पावर का नया ट्रांसफार्मर लगाए ताकि बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही जर्जर जलमीनार को अविलंब ध्वस्त कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
मशाल जुलूस के बाद सड़क बंद आंदोलन की घोषणा
आंदोलन के तहत गुरुवार शाम ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकाला और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं शुक्रवार को पंचायत स्तर पर जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा शनिवार से कॉलोनी में आने-जाने वाले सभी रास्तों को अनिश्चितकालीन रूप से बंद करने की घोषणा भी ग्रामीणों ने की है। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनने की संभावना जताई जा रही है।
वार्ता रही बेनतीजा
ग्रामीणों ने बताया कि बीसीसीएल प्रबंधन ने शाम छह बजे बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन वार्ता का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया। इस मौके पर जीवन रवानी, मदन मोहन महतो, संजय रवानी, रूपलाल महतो, भोला रवानी, शंकर महतो, अशोक रवानी, कपिल रवानी, गोपाल महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।






