मध्यप्रदेश : छिंदवाड़ा में CM कार्यक्रम से लौट रही बस ट्रक से टकराई, 10 की दर्दनाक मौत, 30 घायल

छिंदवाड़ा में सीएम डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही बस की ट्रक से भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा घायल। उमरानाला में हुए हादसे से इलाके में हड़कंप।

मध्यप्रदेश : छिंदवाड़ा में CM कार्यक्रम से लौट रही बस ट्रक से टकराई, 10 की दर्दनाक मौत, 30 घायल
घायलों को पहुंचाया गया हॉस्पिटल।
जबलपुर/छिंदवाड़ा(Threesocieties.com Desk): मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। 
छिंदवाड़ा के मोहखेड़ थाना क्षेत्र के उमरानाला इलाके में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि बस पलट गई
हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और कई यात्री उसके अंदर फंस गए। बताया जा रहा है कि बस में कुल 41 लोग सवार थे, जो सम्मेलन से लौट रहे थे। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
भयावह मंजर: किसी का हाथ कटा, कई गंभीर रूप से घायल
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया। कई लोगों के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। बस के अंदर लोग बुरी तरह फंसे हुए थे मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं।
20 से ज्यादा एंबुलेंस, 5 KM लंबा जाम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर 20 से ज्यादा एंबुलेंस पहुंचीं। सड़क पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग राहत-बचाव में जुट गये। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
प्रशासन अलर्ट, एसपी ने संभाला मोर्चा 
छिंदवाड़ा के एसपी अजय पांडे ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मृतकों व घायलों की पुष्टि की। प्रशासन ने:  क्रेन की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। डॉक्टरों की टीम को अलर्ट किया गया। अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गयी।