मैथन पुलिस की मदद से मुस्कुराया जापानी पर्यटक, बोला—‘झारखंड पुलिस बहुत अच्छी’, जापान जाकर बताउंगा

धनबाद के मैथन में झारखंड पुलिस ने जापानी पर्यटक का बस में छूटा सामान सुरक्षित दिलवाकर उसे बोधगया रवाना किया। पुलिस की मदद से प्रभावित पर्यटक ने झारखंड पुलिस की सराहना की।

मैथन पुलिस की मदद से मुस्कुराया जापानी पर्यटक, बोला—‘झारखंड पुलिस बहुत अच्छी’, जापान जाकर बताउंगा
जपानी युवक का मैथन पुलिस बनी सहारा।

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। Dhanbad Police Aid Japanese Tourist: झारखंड पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सकारात्मक उदाहरण धनबाद जिले के मैथन में देखने को मिला, जहां पुलिस ने भाषा की समस्या के बावजूद जापानी पर्यटक की मदद कर उसका सामान सुरक्षित दिलवाया और उसे सकुशल बोधगया के लिए रवाना किया। पुलिस की इस मदद से प्रभावित पर्यटक ने कहा कि वह जापान लौटकर झारखंड पुलिस की सराहना जरूर करेगा।

यह भी पढ़ें: बिहार: 32 साल पुराने केस में गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी सांसद पप्पू यादव की तबीयत, IGIMS से PMCH और फिर IGIC रेफर

बस में छूट गया मोबाइल और पैसे

जापान के टोक्यो निवासी 30 वर्षीय पर्यटक हारूखी वतावनवे श्रीलंका के रास्ते भारत पहुंचे थे और गुरुवार सुबह महारानी बस से बिहार के बोधगया जा रहे थे। इसी दौरान मैथन टोल प्लाजा पर उतरते समय उनका मोबाइल फोन, पैसे और अन्य जरूरी सामान बस में ही छूट गया। बस आगे निकल जाने के बाद वह काफी परेशान हो गए और मदद के लिए इधर-उधर भटकते रहे।

भाषा बनी बड़ी समस्या

पर्यटक को न हिंदी आती थी और न ही आसपास के लोग जापानी भाषा समझ पा रहे थे, जिससे स्थिति और मुश्किल हो गई। इसी बीच मैथन चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने तुरंत पहल करते हुए अंग्रेजी में बातचीत कर उसकी समस्या समझी।

पुलिस ने तुरंत संपर्क कर सुरक्षित कराया सामान

मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत महारानी बस के मालिक और संबंधित कार्यालय से संपर्क किया। पुलिस की तत्परता से पर्यटक का पूरा सामान गया स्थित बस कार्यालय में सुरक्षित रखवा दिया गया।

दूसरी बस से भेजा बोधगया

सामान सुरक्षित होने की जानकारी देने के बाद पुलिस ने पर्यटक को दूसरी बस से सकुशल बोधगया रवाना किया, ताकि उसकी यात्रा में कोई बाधा न आए। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लगातार उसकी मदद की और आवश्यक जानकारी भी दी।

‘जापान जाकर बताऊंगा, झारखंड पुलिस बहुत अच्छी’

मैथन पुलिस की मदद से खुश जापानी पर्यटक ने भावुक होकर पुलिस का आभार जताया। उसने कहा कि वह जापान लौटने के बाद लोगों को बताएगा कि भारत, खासकर झारखंड की पुलिस बहुत सहयोगी है और लोगों की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहती है। उसने यह भी कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने का काम ही नहीं करती, बल्कि जरूरतमंदों की मदद भी करती है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि झारखंड पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ लोगों की मदद करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।