झारखंड: अंधविश्वास ने ली तीन जानें! पलामू में तिहरा हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
पलामू के पांकी में अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने 48 घंटे में तिहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर टांगी बरामद की है।
- ओझा-गुणी के शक में टांगी से हमला कर एक परिवार के तीन की हत्या
- बेटी गंभीर रूप से घायल
पलामू(Threesocieties.com Desk)। झारखंड के पलामू जिले से अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांकी थाना क्षेत्र के कुसड़ी टोला पुरानी बथान में ओझा-गुणी और अंधविश्वास के शक में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। पलामू पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा में अनंत सिंह का दमदार एंट्री: नीतीश के पैर छुए, बाहर आते ही तेजस्वी पर कस दिया सियासी तंज
#अंधविश्वास के कारण तिहरे हत्याकांड का खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार एवं घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद**@JharkhandPolice @DC_Palamu @DIGPalamau @Michaelraj_ips pic.twitter.com/nHhxmggtL6
— Palamu Police (@policepalamau) February 3, 2026
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुसड़ी टोला पुरानी बथान निवासी रविंद्र भुईयां (30) और प्रमोद भुईयां (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। मंगलवार शाम पुलिस सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि 1 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव में आपसी विवाद के बाद तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि उसी दिन सुबह गांव निवासी महेशी भुईयां (62) की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद अंधविश्वास में डूबे उनके पुत्र रविंद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां ने गांव के ही विजय भुईयां (50), उनकी पत्नी हेवन्ती देवी उर्फ फुलवन्ती देवी (45) और पुत्र छोटू कुमार (19) को ओझा-गुणी बताकर टांगी और चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हमले में विजय भुईयां की पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार झा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने 2 फरवरी को रविंद्र भुईयां को कसमार स्थित उसके फूफा-ससुर के घर से गिरफ्तार किया, जबकि 3 फरवरी को प्रमोद भुईयां को भागने के दौरान पांकी के इमली चौक से दबोच लिया गया।
इस मामले में पांकी थाना कांड संख्या 10/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं एवं डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है।
छापेमारी दल में पांकी सर्किल इंस्पेक्टर जीतराम महली, एसआई रविंद्र राहुल साय, आशुतोष रजक, गोपाल कुमार राय एवं एएसआई रविंद्र कुमार शामिल थे।






