धनबाद में बिजली संकट के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, GM ऑफिस का घेराव

धनबाद में अघोषित बिजली कटौती और बढ़ते बिलों के खिलाफ भाजपा का बड़ा प्रदर्शन, विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में GM ऑफिस का घेराव।

धनबाद में बिजली संकट के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, GM ऑफिस का घेराव
गर्मी में कटौती और भारी बिल पर फूटा गुस्सा।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल धनबाद में भीषण गर्मी के बीच जारी अघोषित बिजली कटौती और बढ़ते बिजली बिलों ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। इसी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के महाप्रबंधक (GM) व कार्यपालक अभियंता कार्यालय का घेराव किया।

यह भी पढ़ें: लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन’ पर महाब्रेक: 54 वोट से गिरा महिला आरक्षण बिल, 33% आरक्षण पर फिलहाल विराम

गर्मी में बिजली संकट से उबल पड़ा जनाक्रोश
शहर में लगातार हो रही अनियमित बिजली आपूर्ति और प्रीपेड मीटर की कथित गड़बड़ियों से लोग पहले से ही परेशान हैं। तेज गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी आक्रोश को लेकर भाजपा धनबाद महानगर और ग्रामीण जिला इकाई के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धनबाद विधायक राज सिन्हा, महानगर अध्यक्ष श्रवण राय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन हाय-हाय” के नारे लगाते हुए राज्य सरकार पर जनता को बिजली संकट में झोंकने का आरोप लगाया।

‘अंधेरे में जनता, ऊपर से बढ़ते बिल’ — BJP का आरोप
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि बिजली विभाग पूरी तरह कुप्रबंधन का शिकार है। “एक तरफ जनता को अंधेरे में रखा जा रहा है, दूसरी ओर बिजली दरों में बढ़ोतरी कर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रीपेड मीटर में भारी गड़बड़ी है, जिससे उपभोक्ताओं को गलत और अधिक बिल मिल रहे हैं।

GM को सौंपा गया मांग पत्र
घेराव के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा को मांग पत्र सौंपा। इसमें प्रमुख मांगें शामिल थीं: अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक, प्रीपेड मीटर की गड़बड़ियों की जांच व नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना। भाजपा नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी और उग्र आंदोलन करेगी।

भारी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस प्रदर्शन में भाजपा नेत्री तारा देवी, संजीव कुमार, राजकुमार अग्रवाल, सत्येंद्र कुमार, रमेश राही, मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, धर्मजीत सिंह और नित्यानंद मंडल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।

स्थिति गंभीर, समाधान की मांग तेज
धनबाद में बिजली संकट अब एक बड़ा राजनीतिक और जनसरोकार का मुद्दा बनता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों का धैर्य तोड़ दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस बढ़ते दबाव के बीच कितनी जल्दी ठोस कदम उठाते हैं।