हीट वेव पर धनबाद प्रशासन का राहत: ट्रैफिक सिग्नलों पर लगे शेड, समाहरणालय में शीतल पेयजल की व्यवस्था
भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच धनबाद जिला प्रशासन ने आम लोगों को राहत देने के लिए ट्रैफिक सिग्नलों पर अस्थायी शेड और समाहरणालय परिसर में शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था की है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने खुद व्यवस्था का निरीक्षण कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): भीषण गर्मी और लगातार पड़ रही हीट वेव के बीच धनबाद जिला प्रशासन ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सराहनीय पहल की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों, व्यस्त सड़कों और समाहरणालय परिसर में लोगों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की इस पहल की आम नागरिकों के बीच काफी सराहना हो रही है।
यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका, CJI बोले- “कोई इमरजेंसी नहीं”,‘इतना भावुक मत बनिए’

समाहरणालय में हर फ्लोर पर शीतल पेयजल की व्यवस्था
गर्मी से परेशान लोगों को राहत देने के उद्देश्य से समाहरणालय के मुख्य द्वार, पूरे परिसर और सभी फ्लोर पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार, पोर्टिको और विभिन्न फ्लोर पर वाटर कूलर लगाए गए हैं।
खास बात यह रही कि समाहरणालय पहुंचने पर उपायुक्त आदित्य रंजन स्वयं वाहन से उतरकर मुख्य द्वार पर लगे शीतल पेयजल केंद्र पर पहुंचे और पानी पीकर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेयजल की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उपायुक्त ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि भीषण गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने से डिहाइड्रेशन की संभावना बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्यास लगने का इंतजार न करें, बल्कि थोड़े-थोड़े अंतराल पर लगातार पानी पीते रहें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी कार्यों के लिए समाहरणालय आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक सिग्नलों पर लगे अस्थायी शेड
गर्मी और तेज धूप से राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और व्यस्त सड़कों पर अस्थायी छायादार शेड भी लगाए हैं। ये शेड खासकर दुपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को राहत देने में मददगार साबित होंगे। प्रशासन ने ऐसे स्थानों का चयन किया है जहां ट्रैफिक होल्डिंग टाइम अधिक रहता है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि इन शेड्स के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
लोगों से दोपहर में बाहर न निकलने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हीट वेव से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं। भीषण गर्मी के इस दौर में धनबाद प्रशासन की यह पहल आम लोगों को राहत देने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






