Advertisement

    धनबाद। कोयला राजधानी धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में जारी गंभीर गैस रिसाव की घटना को लेकर झारखंड सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में है। सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम ने गुरुवार को धनबाद पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने गैस रिसाव प्रभावित इलाकों, राहत शिविरों और बेलगड़िया टाउनशिप का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया।

    ADVERTISEMENT

    यह भी पढ़ें: धनबाद–कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन, कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी , हड़कंप

    निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव के साथ धनबाद विधायक राज सिन्हा, डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, बीसीसीएल डीटी  संजय कुमार सिंह सहित जिला प्रशासन, बीसीसीएल और अन्य विभागों के सीनीय अफसर मौजूद रहे।

    “लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता” – मुख्य सचिव

    मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोगों की जान और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस समस्या पर मूकदर्शक नहीं बन सकती और केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर इसका स्थायी समाधान निकाला जायेगा।

    केंद्र–राज्य मिलकर बनाएंगे ठोस कार्ययोजना

    मुख्य सचिव ने बताया कि गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। गैस को नियंत्रित करने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने, राहत और पुनर्वास की व्यवस्था करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक ठोस और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

    बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वास व्यवस्था का निरीक्षण

    निरीक्षण के क्रम में मुख्य सचिव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बेलगड़िया टाउनशिप का भी दौरा किया। यहां जेआरडीए के प्रशासनिक ब्लॉक (चरण-V) में रह रहे निवासियों से बातचीत की गई। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के लिए बनाए गए नवनिर्मित आवासों का निरीक्षण कर पुनर्वास सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया।

    इस दौरान बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, धनबाद डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, नगर आयुक्त रविराज शर्मा समेत बीसीसीएल और जिला प्रशासन के कई सीनीयर ्फसर उपस्थित रहे। बीसीसीएल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि वह राज्य सरकार और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर संकट प्रबंधन, सामुदायिक कल्याण और प्रभावित आबादी के सुरक्षित पुनर्वास के लिए लगातार काम कर रहा है।

    अफवाहों से बचने की अपील

    प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है ताकि हालात जल्द से जल्द सामान्य हो सकें।