18 मार्च को धनबाद नगर निगम में नई सरकार की शुरुआत! मेयर संजीव सिंह समेत पार्षद लेंगे शपथ
धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर संजीव सिंह और वार्ड पार्षद 18 मार्च 2026 को शपथ लेंगे। उसी दिन उपमहापौर और चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष का चुनाव और शपथ ग्रहण भी होगा।
- चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष वार्ड पार्षद भी लेंगे शपथ
धनबाद (Threesocieties.com Desk): नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के बाद अब धनबाद नगर निगम में नई सरकार औपचारिक रूप से काम शुरू करने जा रही है। नवनिर्वाचित महापौर संजीव सिंह सहित सभी वार्ड पार्षद 18 मार्च 2026 को शपथ ग्रहण करेंगे। इसी दिन चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद भी शपथ लेंगे।
यह भी पढ़ें: धनबाद में ‘ज्ञान संचय-2026’ का भव्य आयोजन, टैक्स विशेषज्ञों का होगा बड़ा जमावड़ा
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 18 मार्च को समाहरणालय में आयोजित किया जायेगा।
सुबह 10 बजे से शुरू होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार: धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों की बैठक सुबह 10:00 बजे समाहरणालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में होगी। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से शपथ दिलाई जायेगी। दिन में 11 बजे मेयर संजीव सिंह को हजारीबाग आयुक्त मनोज कुमार शपथ ग्रहण कराएंगे। वहीं, पार्षदों को उपायुक्त आदित्य रंजन शपथ दिलाएंगे। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों की बैठक समाहरणालय के तृतीय तल स्थित कक्ष संख्या 314 में आयोजित होगी, जहां उन्हें शपथ दिलाई जायेगी।
उसी दिन होगा उपमहापौर और उपाध्यक्ष का चुनाव
शपथ ग्रहण के बाद धनबाद नगर निगम के उपमहापौर और चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी की जायेगी।नामांकन दाखिल करने के लिए आधे घंटे का समय निर्धारित होगा। इस दौरान उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। प्रत्येक नामांकन पत्र में एक प्रस्तावक और एक समर्थक का हस्ताक्षर होना अनिवार्य होगा। जो स्वयं निर्वाचित हो। जो पार्षद स्वयं उम्मीदवार होगा, वह किसी अन्य उम्मीदवार को प्रस्तावक या समर्थक नहीं बन सकेगा।
वहीं, एक बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी तथा एक बजे से 1:15 तक नाम वापसी का समय है। गलत, अपूर्ण या विधिसम्मत शर्तों को पूरा नहीं करने नामांकन पत्रों को रद कर दिया जायेगा।अगर केवल एक वैद्य नामांकन प्राप्त होने की स्थिति में संबंधित उम्मीदवार को निर्विरोध में निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। मतदान गुप्त होगा पार्षद अपनी पसंद के उम्मीदवार के सामने हां या ना चिंह्न लगाकर मत देंगे। निर्वाचित उम्मीदवार को प्रपत्र-42 में प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा व परिणाम जिला गजट में प्रकाशित किए जायेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:
11:30 बजे से 12:30 बजे: नाम निर्देशन पत्र दाखिल
12:30 बजे से 1:00 बजे: नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी
1:00 बजे से 1:30 बजे: वैध उम्मीदवारों की सूची जारी
1:30 बजे से 1:45 बजे: नाम वापसी का समय
1:45 बजे से 2:15 बजे: मतपत्र की तैयारी
2:15 बजे से 3:00 बजे: मतदान
3:00 बजे से 3:15 बजे: मतगणना
3:15 बजे से 3:30 बजे: परिणाम घोषणा
3:30 बजे होगा उपमहापौर और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दोपहर 3:30 बजे से 4:00 बजे तक धनबाद नगर निगम के नव निर्वाचित उपमहापौर और चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष को भी शपथ दिलाई जायेगी। इस तरह 18 मार्च को धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद में नई नेतृत्व टीम औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लेगी। स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक हलकों में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
डिप्टी मेयर पद के कई दावेदार, नंबर गेम जुटाने की पहल
वहीं, 18 मार्च को डिप्टी मेयर का चुनाव होना है। डिप्टी मेयर बनने के लिए 55 वार्ड पार्षदों में से कम से कम 28 का समर्थन जरूरी है। कई वार्ड पार्षदों ने लांबिंग तेज कर दी है। डिप्टी मेयर के दावेदार निर्वाचित पार्षदों को अपने खेमे में करने के लिए जोड़ तोड़ शुरू कर दी है और एक दूसरे से संपर्क साधने में लग गए है।
पद हासिल करने के लिए कई तरह के जाल फेंके जा रहे हैं। इसमें न केवल जातीय गोटी भी सेट करने की तैयारी चल रही है बल्कि धनबल और बाहूबल का भी हथियार चलाया जा रहा है। अलग-अलग वार्डों से जीतकर आए पार्षद अब नई रणनीति और समीकरणों के केंद्र में हैं। संभावित आंकड़ों और समीकरणों के आकलन के बीच डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
चर्चा है कि वार्ड 33 से दूसरी बार जीतने वाली मेनका सिंह, वार्ड 20 से अशोक पाल, वार्ड 25 से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने वाले प्रिय रंजन व मनोरंजन, वार्ड सात से अरुण कुमार चौहान, वार्ड छह से कल्पना महतो, सुमन सिंह समेत अन्य कई नाम चर्चा में है। ऐसे में डिप्टी मेयर का चुनाव काफी रोचक होने वाला है। पहली बार पार्षद पद पर जीत कर आए वार्ड 26 के पार्षद विकास रंजन ने डिप्टी मेयर पद पर अपनी मजबूत दावेदारी ठोकी है।






