कोच्चि। इंडियन नेवी ने अरब सागर में मछली पकड़ने वाले जहाज से 3,000 करोड़ रुपये का ड्रग्स जब्त किया है। इस जहाज के विदेशी मूल का होने की आशंका है। 
एक रक्षा प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि भारतीय नौसेना का जहाज 'सुवर्ण' अरब सागर में निगरानी पेट्रोलिंग पर था। इसी दौरान मछली पकड़ने वाले जहाज संदिग्ध स्थिति में वहां से गुजर रहा था। इंडियन नेवी के जहाज की तलाशी ली तो उससे 300 किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ जब्त किया गया। आगे की जांच के लिए जहाज को उसके चालक दल के सदस्यों के साथ नजदीकी बंदरगाह, कोच्चि ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि जब्त मादक पदार्थ की इंटरनेशनल मार्केट में अनुमानित कीमत 3,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया गया है। 

प्रवक्ता ने हालांकि यह नहीं बताया कि जहाज से मादक पदार्थ की जब्ती किस स्थान से या किस दिन की गई। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी कार्रवाई है। केवल मात्रा और लागत के संदर्भ में नहीं बल्कि अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी मार्गों को बाधित करने के दृष्टिकोण से भी, जो मकरान तट से शुरू होता है और इंडिया, मालदीव और श्रीलंका गंतव्यों की ओर जाता है।प्रवक्ता ने कहा कि नशीली दवाओं की लत से मनुष्य को होने वाले नुकसान के अलावा मादक पदार्थ व्यापार आतंकवाद, कट्टरता और आपराधिक गतिविधियों में शामिल के सिंडिकेट का वित्तपोषण करता है।