धनबाद में केंद्रीय मंत्री की दो टूक, कोयला चोरी रोकें, खदान सुरक्षा बढ़ाएं और विस्थापितों को दें सम्मानजनक जीवन

धनबाद दौरे पर केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बीसीसीएल को अवैध कोयला कारोबार रोकने, खदान सुरक्षा मजबूत करने और झरिया पुनर्वास योजना को तेज करने का निर्देश दिया। बेलगड़िया टाउनशिप, श्रमिक कल्याण और पुनर्वास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

धनबाद में केंद्रीय मंत्री की दो टूक, कोयला चोरी रोकें, खदान सुरक्षा बढ़ाएं और विस्थापितों को दें सम्मानजनक जीवन
BCCL और JRDA को टाइमबाउंड काम का निर्देश।
  • कोयला चोरी और खदान सुरक्षा पर सरकार गंभीर
  • केंद्रीय मंत्री ने BCCL को किया अलर्ट
  • कोयला एवं खान राज्य मंत्री ने की ‘संशोधित झरिया मास्टर प्लान’ की समीक्षा

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में अवैध कोयला कारोबार, खदान सुरक्षा और झरिया पुनर्वास को लेकर केंद्र सरकार अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बुधवार शाम बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट संकेत दिया कि अवैध खनन और कोयला चोरी पर अब किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें: बिहार-बंगाल के बाद अब झारखंड पर फोकस, BJP की रणनीति में अमित शाह के करीबी सुनील बंसल की एंट्री संभव

उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध कोयला कारोबार रोकने, खदानों की सुरक्षा बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने के लिए तत्काल प्रभाव से सख्त कदम उठाए जाएं। मंत्री ने कहा कि “अगर इच्छा शक्ति मजबूत हो तो कोई भी काम कठिन नहीं होता। जरूरत सिर्फ ठोस इच्छाशक्ति और समन्वित कार्रवाई की है।” बैठक में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल सहित कंपनी के तमाम निदेशक, एरिया जीएम और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ऊर्जा सुरक्षा के साथ मानवीय पहलुओं पर भी जोर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन सिर्फ उत्पादन बढ़ाना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्वास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और श्रमिक कल्याण को समान प्राथमिकता देना सरकार की नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि झरिया पुनर्वास योजना केवल प्रशासनिक परियोजना नहीं बल्कि एक मानवीय पहल है, जिसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी जीवन उपलब्ध कराना है।

BCCL और JRDA को मिलकर काम करने का निर्देश

बैठक में मंत्री ने बीसीसीएल और झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से लागू करना जरूरी है ताकि विस्थापित परिवारों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।

अग्नि प्रभावित क्षेत्रों को बताया बेहद संवेदनशील

टांडाबाड़ी, केंदुआडीह और अन्य अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में भू-धंसान और गैस उत्सर्जन की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि तकनीकी संस्थानों और विशेषज्ञ एजेंसियों की रिपोर्ट इन इलाकों को अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक घोषित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए तथा प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बेलगड़िया टाउनशिप में सुविधाओं का विस्तार

समीक्षा बैठक के दौरान संशोधित झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया टाउनशिप में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई। उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि पूरे टाउनशिप में सोलर स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं। बेलगड़िया से धनबाद रेलवे स्टेशन और झरिया बाजार तक ई-बस सेवा शुरू की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस आउटपोस्ट भी सक्रिय कर दिया गया है। इसके अलावा ग्रीवांस रिड्रेसल सेल, हेल्थ सब सेंटर, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और सड़क चौड़ीकरण जैसी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार योजनाएं

प्रशासन ने जानकारी दी कि अब तक करीब 800 महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका है। साथ ही ई-रिक्शा वितरण, मत्स्य पालन, मशरूम उत्पादन और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए रोजगार सृजन का प्रयास किया जा रहा है।बेलगड़िया में 12 हजार वर्गफुट क्षेत्र में मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

BCCL ने उपलब्धियों और योजनाओं की दी जानकारी

बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बैठक में कंपनी की हालिया उपलब्धियों, उत्पादन वृद्धि, सुरक्षा उपायों और पुनर्वास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी देश की ऊर्जा सुरक्षा में अपनी भूमिका को पूरी जिम्मेदारी और दक्षता के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में बीसीसीएल के निदेशक एचआर मुरली कृष्ण रमैय्या, डीटी संजय कुमार सिंह, डीएफ राजेश कुमार सहित सभी एरिया के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।