Advertisement

न्यूयार्क। अमेरिका में प्रतिस्पर्धा पर नजर रखने वाली सरकारी एजेंसी फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) और 40 से ज्यादा अमेरिकी स्टेट्स ने सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक के खिलाफ दो मुकदमे किये हैं। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म फेसबुक के खिलाफ किये गये इन दो प्रतिस्पर्धा रोकने वाले मुकदमों में कहा गया है कि उसने प्रतिस्पर्धियों को खरीदने के लिए 'बिक जाओ या मिट जाओ' की स्ट्रैटेजी का इस्तेमाल किया है।

ADVERTISEMENT

 मोनोपली पावर इस्तेमाल करने का आरोप

मुकदमें में फेसबुक पर आरोप लगाया गया है उसने अपने प्रतिस्पर्धियों को दबाने और उन्हें खत्म करने के लिए मोनोपली पावर का इस्तेमाल किया। फेसबुक को अगर इन मामलों में हार का सामना करना पड़ता है तो उसे पॉप्युलर मेसेजिंग प्लैटफॉर्म वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम बेचना पड़ सकता है। इन दो मुकदमे दर्ज होने के साथ ही Facebook दूसरी दिग्गज टेक कंपनी बन गई है, जिसे इस साल बड़ी कानूनी चुनौती का सामना करना होगा। अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने इस साल अक्टूबर में अल्फाबेट इंक की कंपनी गूगल पर मुकदमा किया है। गूगल पर अपने प्रतिस्पर्धियों को दबाने के लिए अपने मार्केट पावर इस्तेमाल करने का आरोप है।

 पहले हुए अधिग्रहण सौदों पर उठे सवाल

फेसबुक पर मुकदमा करने वालों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म के स्ट्रैटेजिक ऐक्विजिशन प्रतिस्पर्धा के नियमों का उल्लंघन करते हैं। इसमें खासतौर से साल 2012 में फोटो शेयरिंग ऐप Instagram का एक अरब डॉलर में और साल 2014 में मेसेजिंग ऐप वॉट्सऐप का 19 अरब डॉलर में किये गये अधिग्रहण पर फोकस किया गया है। फेडरल और स्टेट रेगुलेटर्स का कहना है कि इन अधिग्रहण सौदों की पर्तें खुलनी चाहिए।