धनबाद। देशभर में ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। परिसर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया, जिसके बाद उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव देखा और सुना।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: Dhanbad: सर्वाइकल कैंसर से बचाव संभव — वैक्सीनेशन सबसे प्रभावी उपाय : डॉ. भव्या गायत्री

यह आयोजन शिक्षा मंत्रालय एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देशभर में एक साथ आयोजित किया गया। धनबाद में यह विशेष कार्यक्रम पेनमैन ऑडिटोरियम और गोल्डन जुबली लेक्चर थियेटर (GJLT) दोनों स्थानों पर एक साथ संपन्न हुआ। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह का नेतृत्व किया, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। वहीं GJLT में “35वें नेशनल कन्वेंशन ऑफ माइनिंग इंजीनियर्स” और राष्ट्रीय संगोष्ठी “Mining and Environment – Quo Vadis 2070” के उद्घाटन समारोह के साथ इस उत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के स्वर गूंजते ही वातावरण देशभक्ति, एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से भर उठा। प्रतिभागियों ने कहा कि यह आयोजन न केवल एक गीत का उत्सव था, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, एकता और राष्ट्रभावना का प्रतीक भी है। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की स्वीकृति के तहत वर्षभर चलने वाले राष्ट्रीय समारोहों की शुरुआत का प्रतीक है। इस अवसर पर देशभर के शैक्षणिक संस्थानों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किये गये।

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद परिसर इस आयोजन के दौरान राष्ट्रीय गौरव और भावनाओं से सराबोर दिखा। छात्रों और कर्मचारियों ने तिरंगे झंडे के साथ एकता का संदेश दिया और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।