भागलपुर शूटआउट का मास्टरमाइंड रामधनी यादव एनकाउंटर में ढेर, EO कृष्ण भूषण हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन
भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में EO कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के मास्टरमाइंड रामधनी यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। मुठभेड़ में DSP समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हुए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परिवार को 25 लाख सहायता और राजकीय सम्मान की घोषणा की।
- पुलिस एनकाउंटर में भागलपुर EO हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव मारा गया
- तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल
भागलपुर (Threesocieties.com Desk): बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए सनसनीखेज शूटआउट के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड रामधनी यादव को एनकाउंटर में मार गिराया। बुधवार सुबह हुई इस मुठभेड़ में डीएसपी नवीन, इंस्पेक्टर परमेश्वर और इंस्पेक्टर मृत्यंजय भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, रामधनी यादव ने छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।
यह भी पढ़ें:धनबाद में पुलिस का मेगा एक्शन: एक ही रात में 249 वारंट निष्पादित, 34 अभियुक्त गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
यह वही रामधनी यादव है, जिस पर सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कराने का आरोप था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर उसकी पहचान की थी। वह नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी का पति बताया जा रहा है।
सुबह-सुबह पुलिस एनकाउंटर, आरोपी की मौके पर मौत
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस रामधनी यादव को घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान उसने और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रामधनी यादव के पेट में गोली लगी। उसे तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ करीब 15 मिनट तक चली। इस दौरान तीन पुलिस अधिकारी भी घायल हुए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने एक और आरोपी दीपक को भी पकड़ा
इस मामले में पुलिस ने दीपक नामक एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दीपक पहले भी हत्या के मामलों में शामिल रहा है। पूछताछ के आधार पर इस पूरे हत्याकांड की साजिश का खुलासा हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामधनी यादव इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड था और उसने ही हमलावरों को योजना के तहत भेजा था।
सुल्तानगंज नगर परिषद EO के ऑफिसमें हुआ था खूनी खेल
मंगलवार शाम करीब 4:05 बजे सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में नकाबपोश अपराधियों ने अचानक हमला कर दिया। तीन हमलावर कार्यालय के अंदर घुसे जबकि दो बाहर निगरानी कर रहे थे। अपराधियों ने सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू के चैंबर में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार को सिर में गोली मार दी। उन्हें तीन गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमले में सभापति राजकुमार गुड्डू को भी दो गोलियां लगीं—एक सिर में और दूसरी सीने में। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। यह पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
EO कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कृष्ण भूषण कुमार ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने मृतक अधिकारी के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही, उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ कराने का भी निर्देश दिया गया है।
सभापति की हालत गंभीर, मेदांता में इलाज जारी
घायल सभापति राजकुमार गुड्डू को पहले मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रविशंकर के अनुसार, उन्हें पेट और सिर में गोली लगी है और वे न्यूरो ICU में इलाजरत हैं। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
नगर सेवा संघ ने दी हड़ताल की चेतावनी
इस घटना के बाद बिहार नगर सेवा संघ ने कड़ा विरोध जताते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। संघ ने मुख्यमंत्री, गृह विभाग, नगर विकास विभाग, DGP, मानवाधिकार आयोग और लोकायुक्त को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। संघ के महासचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यभर में नगर सेवा कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। भागलपुर का यह हत्याकांड बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। हालांकि पुलिस की तेज कार्रवाई से मुख्य आरोपी का अंत हो गया, लेकिन इस घटना ने सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।






