बांसजोड़ा फायरिंग केस पर गरमाई राजनीति: धनबाद जेल में आजसू नेत्री रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने धनबाद जेल पहुंचकर आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात की और बांसजोड़ा फायरिंग मामले में उन्हें झूठे हत्या केस में फंसाने का आरोप लगाया। सांसद ने जिला प्रशासन, कांग्रेस और जलेश्वर महतो पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच नहीं होने पर CBI जांच की मांग की चेतावनी दी।

बांसजोड़ा फायरिंग केस पर गरमाई राजनीति: धनबाद जेल में आजसू नेत्री रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो
लोयाबाद हिंसा पर सांसद ढुल्लू महतो का हमला।
  • सांसद बोले- ‘निर्दोषों को फंसाया गया… नहीं हुई निष्पक्ष जांच तो होगी CBI जांच’‘
  • असली अपराधी खुले घूम रहे, निर्दोष जेल में’, कांग्रेस और प्रशासन को घेरा
  •  बोले- ‘सरकार में दम है तो कराए CBI जांच’

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद की राजनीति में लोयाबाद-बांसजोड़ा हिंसा कांड को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को धनबाद सांसद ढुल्लू महतो धनबाद मंडल कारा पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सांसद ने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होने पर सीबीआई जांच की मांग करने की चेतावनी दी।

यह भी पढ़ें: धनबाद के नंदलाल अग्रवाल बने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष

सांसद ढुल्लू महतो ने दावा किया कि बांसजोड़ा फायरिंग मामले में निर्दोष लोगों को झूठे हत्या केस में फंसाकर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि असली अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन लोगों को निशाना बनाया गया, जो क्षेत्र में अपराध और कोयला चोरी के खिलाफ आवाज उठा रहे थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ पहुंचे जेल

ढुल्लू महतो भाजपा धनबाद जिलाध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में धनबाद जेल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि रजनी रवानी का “दोष” सिर्फ इतना है कि उन्होंने लोयाबाद थाना में कोयला चोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सांसद के अनुसार, शिकायत देने के बाद उनके घर में घुसकर मारपीट की गई और गोली किसी अन्य व्यक्ति ने चलाई, लेकिन आरोप रजनी रवानी पर लगा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रजनी रवानी के समर्थकों को भी झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। ढुल्लू महतो ने कहा कि यदि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आएंगे।

कांग्रेस और जलेश्वर महतो पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने कांग्रेस और झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई और जो लोग जेल भेजे गए, वे उसी समाज से आते हैं, ऐसे में जलेश्वर महतो को पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर गोलीबारी करने वाले लोग किसके संरक्षण में काम कर रहे थे और कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा “अपराधी तत्वों” को संरक्षण देती रही है। ढुल्लू महतो ने कहा कि लोयाबाद और बांसजोड़ा इलाके में पहले भी कई बार हिंसक घटनाएं और गोलीबारी हो चुकी हैं, लेकिन हर बार निर्दोष लोगों को फंसाने की कोशिश की गई।

‘जरूरत पड़ी तो होगी CBI जांच की मांग’

सांसद ने साफ कहा कि यदि जिला प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है तो ठीक है, अन्यथा इस मामले को केंद्र सरकार तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की जाएगी। ढुल्लू महतो ने कहा, “अगर सीबीआई जांच में आरोपी निर्दोष नहीं पाए जाते हैं तो मैं खुद को दोषी मानूंगा। सरकार में दम है तो पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराए।” उन्होंने कहा कि रजनी रवानी गांव की एक सामान्य महिला हैं और उन्होंने गांव के लोगों की सुरक्षा तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई थी, न कि किसी वर्चस्व की लड़ाई के लिए।

प्रशासन पर भी लगाए गंभीर आरोप

सांसद ने जिला प्रशासन पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोयाबाद और बांसजोड़ा क्षेत्र की स्थिति पुराने पश्चिम बंगाल जैसी होती जा रही है, जहां अपराध और हिंसा का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि अत्याचार की भी एक सीमा होती है, लेकिन यहां वह सीमा पार हो चुकी है। सांसद ने आरोप लगाया कि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है और अपराधियों को खुली छूट दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में इस तरह की हिंसा और आतंक को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खूनी संघर्ष के बाद गरमाई राजनीति

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले लोयाबाद थाना क्षेत्र में आजसू कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और गोलीबारी भी हुई। घटना में कई लोग घायल हुए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आजसू नेता रजनी देवी समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से पूरे मामले को लेकर धनबाद की राजनीति गरमा गई है और विभिन्न राजनीतिक दल एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।