Advertisement
  • भूली मोड़ के पास एक स्लैब के पांच गार्डर के पास लगाये गये
  • हाइड्रॉलिक जैक, कंक्रीट से बेस बनाकर रखी जायेगी नयी बेयरिंग, एक सप्ताह का लगेगा समय

धनबाद। बैंकमोड़ फ्लाइओवर की मरम्मत के बाद अब बेयरिंग बदलने का काम शुरू हो गया है। 18 स्लैब के 182 बेयरिंग बदली जायेगी। ट्रायल बेसिस पर गुरुवार को 13 नंबर स्लैब (नीयर भूली मोड़) पर काम शुरू हुआ। इसके लिए पांच गार्डर के पास 16 हाइड्रॉलिक जैक लगाकर फ्लाइओवर को लगभग तीन मिलीमीटर उठाया गया। इसके बाद कंक्रीट का आधार बनाकर नयी बेयरिंग लगायी जायेगी।
यह भी पढ़ेंJharkhand: बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर देवघर के दानपात्र से निकले 21.95 लाख रुपये, 6600 रुपये नेपाली मुद्रा भी मिली
 पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद ने बताया कि एक स्लैब की बेयरिंग बदलने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा। स्लैब के दोनों तरफ की बेयरिंग बदली जा रही है। इसी क्रम में सभी 18 स्लैब पर काम होगा।अनुमान है कि सभी 182 बेयरिंग बदलने में 18 सप्ताह लगेंगे. अभियंता ने बताया कि इस दौरान फ्लाइओवर पर ट्रैफिक प्रभावित नहीं होगा। काम स्लैब-दर-स्लैब किया जायेगा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। फिलहाल 13 नंबर स्लैब पर काम पूरा होने के बाद अगले स्लैब का कार्य शुरू होगा। 
बेयरिंग बदलने के दौरान कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद, सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार मिश्रा, अभियंता नसीम अख्तर, अभियंता कुमुद बंदोपाध्याय, फ्लाइओवर का काम कर रही, कंपनी सेनफिल्ड के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित थे।
14 अप्रैल को शुरू हुआ था फ्लाइओवर का काम 
बैंकमोड़ फ्लाइओवर का काम 14 अप्रैल को शुरू हुआ था।एक साइड की ट्रैफिक बंद कर लगभग दो माह तक फ्लाइओवर का काम किया गया। पुराने ज्वाइंट को हटाकर नयी सरिया डालकर ढलाई की गयी। एप्रोच रोड पर बिटूमिनस का काम किया गया। इसके बाद आमलोगों के लिए फ्लाइओवर खोल दिया गया। अब बेयरिंग बदलने का काम शुरू किया गया है.
इलास्टोमेरिक ब्रिज बेयरिंग का कि इस्तेमाल ,फ्लाइओवर की मरम्मत पर खर्च होंगे 15.79 करोड़ 
फ्लाइओवर की 182 बेयरिंग बदलकर नयी इलास्टोमेरिक ब्रिज बेयरिंग लगायी जायेगी। यह काफी लचीली है, और आसानी से एक्सपेन करेगी। फ्लाइओवर की कुल लंबाई 624 मीटर है. इसमें 18 स्लैब व 19 ज्वाइंट है।फ्लाइओवर की मरम्मत पर कुल 15.79 करोड़ खर्च होंगे। बेयरिंग बदलने के बाद फ्लाइओवर पर रोड फर्नीचर, डिवाइडर, रैलिंग आदि का काम होगा।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंतामिथिलेश प्रसाद ने कहा है कि  बेयरिंग बदलने का काम शुरू किया गया है. ट्रायल बेसिस पर भूली मोड़ के पास 13 नंबर स्लैब की बेयरिंग बदली जा रही है। जलापूर्ति पाइप लाइन को लेकर थोड़ी परेशानी हो सकती है। इसलिए पेयजल विभाग के अधिकारी भी फ्लाइओवर उठाने के दौरान उपस्थित रहने को कहा गया है। ट्रायल ठीक रही। अगर कोई परेशानी नहीं हुई, तो क्रमबद्ध तरीके से सभी 182 बेयरिंग बदली जायेगी। इस दौरान फ्लाइओवर पर आवागमन प्रभावित नहीं होगा।

ADVERTISEMENT