झारखंड: चतरा में ‘दागदार खाकी’ पर बड़ा एक्शन: अफीम कनेक्शन में लावालौंग थाना प्रभारी सस्पेंड
चतरा में लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा को अफीम मामले में संलिप्तता के आरोप में सस्पेंड किया गया। 11 महीनों में दूसरी बार निलंबन से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
चतरा (Threesocieties.com Desk): झारखंड के चतरा जिले में पुलिस विभाग के भीतर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा को अफीम मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: अब लाइन नहीं, घर तक आएगा सिलिंडर! धनबाद में गोदाम से गैस लेना हुआ बैन – नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुमित कुमार अग्रवाल ने अनुशासनहीनता और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए यह कदम उठाया। थाना प्रभारी पर आरोप था कि वे अफीम के अवैध कारोबार में शामिल थे और अपने पद का दुरुपयोग कर रहे थे।
जांच में सही पाए गए आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रशांत मिश्रा को निलंबित कर पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया।
11 महीनों में दूसरी बार सस्पेंड
यह पहली बार नहीं है जब प्रशांत मिश्रा पर कार्रवाई हुई है। 23 मई 2025: पिपरवार थाना प्रभारी रहते हुए अवैध बालू कारोबार को संरक्षण देने के आरोप में निलंबन हुई थी। निलंबन मुक्त होने के बाद 8 सितंबर 2025: लावालौंग थाना की जिम्मेदारी मिली। अब: अफीम मामले में फिर से सस्पेंड हो गये। लगातार विवादों में घिरे रहने के कारण उनकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
नशा मुक्त अभियान पर लगा झटका
चतरा पुलिस इन दिनों जिले में अफीम और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान चला रही है। ऐसे में एक थाना प्रभारी का ही इस तरह के मामले में नाम आना पुलिस विभाग के लिए असहज स्थिति बन गया था। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा और अपराध के खिलाफ चल रही लड़ाई में कोई भी पुलिसकर्मी बाधा बना, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई जारी
सूत्रों के अनुसार, यह सिर्फ निलंबन तक सीमित नहीं रहेगा। विभागीय जांच (Departmental Enquiry) शुरू कर दी गई है। अफीम सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच होगी, दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जहां ईमानदार अधिकारियों का मनोबल बढ़ा है, वहीं भ्रष्ट आचरण में शामिल लोगों में डर का माहौल है।






